महाराष्ट्र के दौंड में एनडीपीएस के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 किलो गांजा जब्त, एक गिरफ्तार
दौंड, 28 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के दौंड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब आठ किलो गांजा बरामद किया है। नशीले पदार्थों के खिलाफ यह कार्रवाई यवत पुलिस थाना क्षेत्र के खामगांव में की गई। इस मामले में एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि खामगांव स्थित पानी की टंकी के पास एक टीन शेड में अवैध रूप से गांजे का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही थी। इसके बाद पुलिस निरीक्षक नारायण देशमुख के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक विजय कोल्हे, अक्षय मोरे तथा कोल्हापुर परिक्षेत्र की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आकाश अशोक मोहिते (23 वर्ष, निवासी खामगांव) को हिरासत में लिया गया।
उसकी और मौके की तलाशी में करीब 4 लाख 87 हजार 900 रुपए कीमत का 8 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया, जिसे पंचों की मौजूदगी में जब्त किया गया।
जांच के दौरान आरोपी ने बताया कि यह गांजा सागर उत्तम चव्हाण (निवासी खामगांव) का है और उसके कहने पर बिक्री के लिए रखा गया था। इसके आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस प्रकरण में आकाश मोहिते को गिरफ्तार कर 31 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है, जबकि फरार आरोपी सागर चव्हाण की तलाश जारी है। मामले की आगे की जांच उपनिरीक्षक विजय कोल्हे कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 March 2026 11:34 PM IST












