आईपीएल 2026 आरसीबी के कप्तान पाटीदार और एसआरएच के कप्तान किशन ने विराट कोहली की प्रशंसा की

आईपीएल 2026 आरसीबी के कप्तान पाटीदार और एसआरएच के कप्तान किशन ने विराट कोहली की प्रशंसा की
इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (आईपीएल 2026) के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हरा दिया। जीत के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार खुश नजर आए।

बेंगलुरु, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (आईपीएल 2026) के उद्घाटन मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को 6 विकेट से हरा दिया। जीत के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार खुश नजर आए।

मैच के बाद पाटीदार ने कहा, "लड़कों ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत में अहम योगदान दिया। डफी अपना पहला मैच खेल रहा था, और जिस तरह से उसने गेंदबाजी की, वह हमारे लिए मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। हम विकेट का आकलन कर रहे थे। विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा था। विराट कोहली और पड्डिकल ने जीत की मजबूत नींव रखी। उसके लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।"

पाटीदार ने कहा, "विराट जब भी वह मैदान पर उतरते हैं और टीम लक्ष्य का पीछा कर रही होती है, तो वह नंबर एक बल्लेबाज होते हैं। वह आखिर तक क्रीज पर डटे रहे। फिल सॉल्ट ने हैरान करने वाला कैच लपका।"

वहीं, सीजन के पहले मुकाबले में मिली करारी हार से एसआरएच के कप्तान ईशान किशन काफी निराश नजर आए।

मैच के बाद ईशान ने कहा, "मुझे लगता है कि पहले 3-4 ओवरों के बाद विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा हो गया। हमने शुरुआत में ही कुछ विकेट गंवा दिए थे। अगली बार हमें इस बात का ध्यान रखना होगा, क्योंकि दूसरी पारी में विकेट को देखते हुए, उस पर बैटिंग करना काफी आसान था और गेंद भी काफी अच्छे से आ रही थी। अगली बार हमें शॉट चयन में समझदारी दिखानी होगी।"

किशन ने कहा, "आरसीबी के बल्लेबाजों को जीत का श्रेय दिया जाना चाहिए। विराट भाई ने जिस तरह लक्ष्य का पीछा किया वो शानदार था। उनका विकेट जल्दी लेना बहुत जरूरी होता है। वरना, अगर वह खेलते रहे, तो उन्हें रोकना मुश्किल हो जाता है। हमें थोड़ी और मेहनत करनी होगी।"

एसआरएच कप्तान ने कहा, "यह पहला मैच है और अभी के लिए ये गलतियां स्वीकार्य हैं। हम गेंदबाजी को लेकर थोड़े और सावधान रहेंगे। हमें अपनी रणनीति को अमल में लाना है। इस मैच के बाद हम और मजबूत होकर उभरेंगे। मैंने मैच के हर पल का आनंद लिया। अपनी कप्तानी पर मैं इतना ही कह सकता हूं कि अगर हम आने वाले मैच जीतते हैं, तो टूर्नामेंट में आगे बढ़ना हमारे लिए काफी आसान हो जाएगा।"

एसआरएच ने टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए ईशान किशन के 80 और अनिकेत वर्मा के 43 रनों की पारियों की बदौलत 9 विकेट पर 201 रन बनाए थे। विराट कोहली के नाबाद 69 और देवदत्त पड्डकिल के 61 रनों की पारी की बदौलत आरसीबी 15.4 ओवर में 4 विकेट पर 203 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया।

4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लेने वाले आरसीबी के तेज गेंदबाज जैकब डफी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 11:43 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story