डीपफेक वीडियो पर भड़कीं एक्ट्रेस सुनैना, बोलीं - शेयर करने वाले भी होंगे जिम्मेदार

मुंबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय सिनेमा में सक्रिय अभिनेत्री सुनैना ने डीपफेक एआई वीडियो बनाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। अभिनेत्री का कहना है कि जो भी डीपफेक एआई वीडियो शेयर करते हुए पाया गया, तो वह भी इसका जिम्मेदार होगा।
दरअसल, हाल ही के दिनों में अभिनेत्री सुनैना के चेहरे का इस्तेमाल करके सोशल मीडिया पर फर्जी एआई डीपफेक वीडियो वायरल हो रहा है। इस मामले के सामने आने के बाद अभिनेत्री ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर एक नोट शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, "मुझे पता चला है कि सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर एक एआई वीडियो सर्कुलेट किया जा रहा है, जिसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करके मेरे चेहरे को अश्लील कंटेंट पर लगाया गया है। यह कंटेंट डिजिटली बनाया या बदला गया है, जिसमें एक व्यक्ति को मेरे जैसा दिखाया गया है।"
सुनैना ने इसे अपनी गरिमा, निजता और पहचान पर एक बड़ा हमला बताया है। उन्होंने साफ किया कि यह कृत्य यौन उत्पीड़न की श्रेणी में आता है और पूरी तरह से मानहानिकारक है। उन्होंने लिखा, "मैं इस घटिया और दुर्भावनापूर्ण हरकत से स्तब्ध और बेहद परेशान हूं और मैं इसकी कड़ी से कड़ी निंदा करती हूं। यह मेरी पहचान और गरिमा का घोर उल्लंघन है और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 और भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत यह एक तरह का अपराध है। इस तरह का व्यवहार पूरी तरह से अस्वीकार्य है।"
अभिनेत्री ने वीडियो बनाने और शेयर करने वालों को चेतावनी देते हुए लिखा, "मैं बिना किसी और नोटिस के इस कंटेंट को बनाने, पब्लिश करने या फैलाने के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक और सिविल कार्रवाई शुरू करूंगी। जो भी इसे आगे शेयर करेगा, उसे भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। मैं अपने शुभचिंतकों, जनता और मीडिया से अनुरोध करती हूं कि वे इस कंटेंट को शेयर न करें और जहां भी यह मिले, उसकी रिपोर्ट करें। मेरे सभी अधिकार और कानूनी उपाय सुरक्षित हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
