दिल्ली दयालपुर में हुई चाकूबाजी की घटना को पुलिस ने सुलझाया, हिरासत में तीन नाबालिग
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में हुए चाकूबाजी के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया है। इस वारदात में 26 वर्षीय युवक कैफ की मौत हो गई थी। युवक को अस्पताल लाए जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 की शाम जेपीसी अस्पताल से थाना पीएस दयालपुर को सूचना मिली कि एक गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल लाया गया है, जिसे डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान कैफ (26), पुत्र निजाम, निवासी गली नंबर 20, न्यू मुस्तफाबाद के रूप में हुई।
पुलिस की ओर से शनिवार को जारी एक प्रेस नोट में बताया गया कि मामले की जांच के दौरान पता चला कि कैफ पर 25 फुटा रोड स्थित बाबू हलवाई की दुकान के पास कुछ परिचित लोगों ने चाकू से हमला किया था। इस संबंध में थाना दयालपुर में एफआईआर संख्या 151/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की।
इंस्पेक्टर परमवीर सिंह दहिया, एसएचओ दयालपुर के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न पहलुओं पर काम करते हुए तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 16 वर्ष आयु के तीन बाल कानून के उल्लंघन करने वाले को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान तीनों नाबालिगों ने इस वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि उनका मृतक कैफ के साथ पुराना विवाद चल रहा था, जिसके चलते उन्होंने इस हमले को अंजाम दिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन चाकू भी बरामद कर लिए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने आगे बताया कि मामले में फिलहाल आगे की जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 5:24 PM IST












