दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में दो गुटों में विवाद, एक युवक को मारी गोली
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित शोशा क्लब के बाहर शुक्रवार देर रात गोली चलने की घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल युवक की पहचान समीर के रूप में हुई है, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
यह पूरा मामला दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, 30 मार्च को भी इन गुटों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद तनाव बना हुआ था। इसी विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों गुट क्लब में आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि प्रीत विहार स्थित शोशा क्लब के अंदर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख क्लब प्रबंधन ने दोनों गुटों को बाहर निकाल दिया। बाहर आने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ और दोनों पक्षों के बीच फिर से बहस और मारपीट शुरू हो गई।
इसी दौरान एक युवक ने गुस्से में आकर गोली चला दी, जो समीर को जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
शोशा क्लब और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच की जा रही है। घायल समीर से पूछताछ कर जल्द ही पूरे मामले को सुलझाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 11:23 AM IST












