'किताबें-ड्रेस कहीं से भी खरीदें, दबाव डाला तो होगा एक्शन,' दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों को सीएम रेखा गुप्ता की सख्त चेतावनी

किताबें-ड्रेस कहीं से भी खरीदें, दबाव डाला तो होगा एक्शन, दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों को सीएम रेखा गुप्ता की सख्त चेतावनी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निजी स्कूलों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अभिभावकों को किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी खरीदने के लिए किसी एक दुकान या स्कूल द्वारा तय विक्रेता से सामान लेने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने निजी स्कूलों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अभिभावकों को किताबें, यूनिफॉर्म और स्टेशनरी खरीदने के लिए किसी एक दुकान या स्कूल द्वारा तय विक्रेता से सामान लेने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

सीएम रेखा गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर साफ कहा कि अगर किसी स्कूल ने ऐसा दबाव बनाया तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ी तो स्कूल का अधिग्रहण (टेकओवर) भी किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि वह दिल्ली के किसी भी निजी स्कूल में कभी भी निरीक्षण के लिए पहुंच सकती हैं। उन्होंने कहा कि हर स्कूल को अपने नोटिस बोर्ड, आधिकारिक वेबसाइट और यदि स्कूल का अपना कोई स्टोर है तो वहां भी साफ-साफ लिखकर बताना होगा कि अभिभावक अपने बच्चों के लिए यूनिफॉर्म, किताबें और स्टेशनरी कहीं से भी खरीदने के लिए स्वतंत्र हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी अभिभावक पर यह दबाव नहीं बनाया जा सकता कि वह स्कूल से ही सामान खरीदे या स्कूल द्वारा तय किसी एक विक्रेता से ही किताबें और यूनिफॉर्म ले। स्कूल सुविधा के लिए कुछ दुकानों के नाम सुझा सकते हैं, लेकिन यह केवल सुझाव होगा, बाध्यता नहीं।

रेखा गुप्ता ने कहा कि इस व्यवस्था को बिना किसी अपवाद के लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया जाए, क्योंकि अगर कहीं भी किसी तरह की गड़बड़ी, दबाव या मनमानी पाई गई तो संबंधित स्कूल के खिलाफ सबसे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका स्कूलों में निरीक्षण कोई दिखावा नहीं, बल्कि नियमों को जमीन पर लागू कराने की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि यह कदम उन शिकायतों और सुझावों के आधार पर उठाया जा रहा है, जो अभिभावकों ने उन्हें सीधे भेजे हैं।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे आगे भी अपने सुझाव और शिकायतें भेजते रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां-जहां गड़बड़ी की शिकायत मिलेगी, वह खुद वहां जाएंगी।

रेखा गुप्ता ने कहा, ''दिल्ली को ठीक करना हमारी जिम्मेदारी है। मेरी दिल्ली, मेरी जिम्मेदारी।''

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 April 2026 10:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story