दिल्ली नगर निगम मेयर चुनाव आप ने फिर छोड़ा मैदान, भाजपा को दिया ‘एक और मौका’

दिल्ली नगर निगम मेयर चुनाव आप ने फिर छोड़ा मैदान, भाजपा को दिया ‘एक और मौका’
दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर बड़ा रणनीतिक फैसला सामने आया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी नगर निगम (एमसीडी) मेयर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है।

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर बड़ा रणनीतिक फैसला सामने आया है। आम आदमी पार्टी (आप) ने आगामी नगर निगम (एमसीडी) मेयर चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है।

पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बुधवार को निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि “आप” भाजपा को दिल्ली में बदलाव करने का एक और मौका दे रही है, ताकि जनता के सामने उनकी कार्यशैली पूरी तरह उजागर हो सके।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पार्टी ने पिछले साल भी यही रणनीति अपनाई थी, ताकि भाजपा अपने “चारों इंजन” का उपयोग कर सके और काम न करने के लिए कोई बहाना न बना सके। उन्होंने दावा किया कि बीते एक साल के अनुभव ने साबित कर दिया है कि सभी संसाधन और जिम्मेदारियां होने के बावजूद भाजपा दिल्ली में बदलाव लाने में असफल रही है। उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “चार इंजन” होने के बावजूद राजधानी में समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

भारद्वाज के मुताबिक, केंद्र सरकार, एलजी, मुख्यमंत्री, मेयर और स्थायी समिति जैसे अहम पदों पर भाजपा के नियंत्रण के बावजूद जनता को राहत नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा को शासन चलाना नहीं आता, जबकि विकास कार्य करने की क्षमता केवल आम आदमी पार्टी के पास है।

अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता अब उन्हें फिर से याद कर रही है। उनका दावा है कि शहर की बिगड़ती स्थिति के चलते लोगों का भरोसा फिर से “आप” पर बढ़ रहा है। आने वाले मानसून को लेकर भी भारद्वाज ने भाजपा को घेरा।

उन्होंने कहा कि पिछले साल की तरह इस बार भी अगर जलभराव की समस्या सामने आती है, तो भाजपा के पास कोई बहाना नहीं बचेगा। सड़कों, नालों और बाढ़ नियंत्रण से जुड़े विभागों का जिम्मा भाजपा के पास होने के बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ है। हालांकि, “आप” पूरी तरह चुनावी प्रक्रिया से बाहर नहीं है।

सौरभ भारद्वाज ने बताया कि स्टैंडिंग कमेटी के चुनाव में पार्टी ने शालीमार बाग से पार्षद जलज चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। यह कदम संगठनात्मक उपस्थिति बनाए रखने और भाजपा की कार्यप्रणाली पर नजर रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 4:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story