'ब्रदर्स एंड सिस्टर्स' लेकर आ रहे हैं रिश्तों की गर्माहट, मई में ओटीटी पर रिलीज होगी वेब सीरीज

ब्रदर्स एंड सिस्टर्स लेकर आ रहे हैं रिश्तों की गर्माहट, मई में ओटीटी पर रिलीज होगी वेब सीरीज
ओटीटी के इस दौर में जहां एक ओर प्रयोगात्मक और अलग-अलग शैलियों का कंटेंट दर्शकों तक पहुंच रहा है, वहीं आज भी एक बड़ा वर्ग पारिवारिक कहानियों से गहरा जुड़ाव महसूस करता है। इसी पसंद को ध्यान में रखते हुए नई फैमिली ड्रामा वेब सीरीज ‘ब्रदर्स एंड सिस्टर्स’ दर्शकों के लिए पेश की जा रही है।

चेन्नई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। ओटीटी के इस दौर में जहां एक ओर प्रयोगात्मक और अलग-अलग शैलियों का कंटेंट दर्शकों तक पहुंच रहा है, वहीं आज भी एक बड़ा वर्ग पारिवारिक कहानियों से गहरा जुड़ाव महसूस करता है। इसी पसंद को ध्यान में रखते हुए नई फैमिली ड्रामा वेब सीरीज ‘ब्रदर्स एंड सिस्टर्स’ दर्शकों के लिए पेश की जा रही है।

मेकर्स ने घोषणा की है कि यह शो मई में ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर रिलीज किया जाएगा। इसका निर्देशन चिदंबरम मणिवन्नन ने किया है।

यह सीरीज परिवार, रिश्तों और भाई-बहनों के बीच के प्यार और संघर्ष को भावुक अंदाज में पेश करती है। इस वेब सीरीज में बोस वेंकट और गायत्री शास्त्री मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

'ब्रदर्स एंड सिस्टर्स' की कहानी चार भाई-बहनों के इर्द-गिर्द घूमती है। सभी भाई-बहनों की सोच, करियर और जिंदगी जीने का तरीका अलग-अलग है। कोई अपने काम में व्यस्त है तो कोई अपनी निजी जिंदगी की परेशानियों से जूझ रहा है, लेकिन इन सबके बीच जो चीज उन्हें जोड़े रखती है, वह है परिवार का रिश्ता और एक-दूसरे के लिए उनका प्यार। सीरीज में इसी रिश्ते की गर्माहट और परिवार के अंदर होने वाले छोटे-बड़े उतार-चढ़ाव को दिखाया जाएगा।

सीरीज में बोस वेंकट एक सख्त पिता के किरदार में नजर आएंगे। उनका किरदार एक ऐसे व्यक्ति का है, जो कपड़ों का शोरूम चलाता है और अपने परिवार को अपने सिद्धांतों के अनुसार चलाना चाहता है। वहीं गायत्री शास्त्री एक शांत और समझदार गृहिणी की भूमिका निभा रही हैं, जो परिवार को जोड़े रखने की कोशिश करती हैं।

इसके अलावा शो में राज अयप्पा, निखिला शंकर, लुथुफ, किशोर, श्रवणिता और प्रोमोथिनी जैसे कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

डायरेक्टर चिदंबरम मणिवन्नन ने इस शो को लेकर अपनी भावनाएं भी साझा की हैं। उन्होंने कहा, ''यह सीरीज मेरे दिल के बेहद करीब है। 'ब्रदर्स एंड सिस्टर्स' सिर्फ एक कहानी नहीं बल्कि एक एहसास है। यह शो उन परिवारों की याद दिलाएगा, जिनमें हम बड़े हुए हैं। कई बार परिवारों में प्यार खुलकर नहीं दिखता, लेकिन वह हर रिश्ते में मौजूद रहता है। यही भावना इस सीरीज में देखने को मिलेगी।''

उन्होंने कहा, ''आज के समय में ज्यादातर लोग सस्पेंस और थ्रिलर कंटेंट बना रहे हैं, लेकिन मैं कुछ ऐसा बनाना चाहता था जो लोगों के दिल को छू जाए। मेरा मानना है कि दर्शकों को ऐसे शो भी चाहिए जो उन्हें अपने परिवार और रिश्तों की अहमियत का एहसास कराएं।''

'ब्रदर्स एंड सिस्टर्स' को 100 एपिसोड की लंबी सीरीज के रूप में तैयार किया गया है। इसे इस तरह बनाया गया है कि दर्शक हर हफ्ते इसके नए एपिसोड का इंतजार करें।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 4:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story