नोएडा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का विपक्ष पर हमला, सपा को बताया महिला विरोधी
नोएडा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
इस कार्यक्रम में उन्होंने महिला शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्षी दलों की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी महिला शक्ति वंदन अधिनियम का लगातार विरोध कर रही हैं और इसकी कमियों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दे पर गंभीर नहीं है, बल्कि इसे केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना चाहता है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नोएडा पहुंचे पंकज चौधरी ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से परिवारवादी राजनीति करने वाले दलों पर सीधा असर पड़ेगा।
उन्होंने समाजवादी पार्टी को परिवारवाद की राजनीति करने वाला दल बताते हुए कहा कि ऐसे दलों को महिला नेतृत्व से खतरा महसूस हो रहा है। इसके साथ ही उन्होंने मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि जिन दलों ने तीन तलाक कानून का विरोध किया था, वही आज मुस्लिम महिलाओं के हितों की बात कर रहे हैं, जो पूरी तरह विरोधाभासी है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी है। कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में स्थिति में बड़ा सुधार हुआ है और अब महिलाएं पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
इस अवसर पर नोएडा के विधायक पंकज सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल, कैप्टन विकास गुप्ता, नवाब सिंह नागर, विजेंद्र नागर, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी सहित कई वरिष्ठ नेता और महिला मोर्चा की पदाधिकारी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 5:32 PM IST












