सरकार ने पीएम इंटर्नशिप स्कीम का दायरा बढ़ाया, अब स्नातक और परास्नातक के अंतिम वर्ष के छात्र भी कर सकेंगे आवेदन

सरकार ने पीएम इंटर्नशिप स्कीम का दायरा बढ़ाया, अब स्नातक और परास्नातक के अंतिम वर्ष के छात्र भी कर सकेंगे आवेदन
युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने और पढ़ाई व इंडस्ट्री के बीच की दूरी कम करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने बुधवार को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम (पीएमआईएस) के पायलट फेज में बड़ा बदलाव किया है।

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने और पढ़ाई व इंडस्ट्री के बीच की दूरी कम करने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने बुधवार को प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम (पीएमआईएस) के पायलट फेज में बड़ा बदलाव किया है।

कारपोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए) ने उच्च शिक्षा विभाग और शिक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर अब इस योजना को अंतिम वर्ष (फाइनल ईयर) के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए भी खोल दिया है।

इस फैसले से छात्रों को पढ़ाई पूरी करने से पहले ही देश की बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप का मौका मिलेगा, जिससे उन्हें इंडस्ट्री का अनुभव मिल सकेगा।

यह पहल छात्रों की पढ़ाई के साथ-साथ प्रैक्टिकल अनुभव जोड़ने पर जोर देती है और भारत की राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के उद्देश्यों के अनुरूप है, जो अनुभव आधारित शिक्षा और इंडस्ट्री से जुड़ाव को बढ़ावा देती है।

नए नियमों के तहत, फाइनल ईयर के छात्र पीएमआईएस पोर्टल के जरिए इंटर्नशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें योजना की अन्य पात्रता शर्तों को पूरा करना होगा।

आवेदन करते समय छात्रों को अपने संस्थान से 'नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (एनओसी)' भी जमा करना होगा।

इस प्रमाण पत्र में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इंटर्नशिप करने से उनकी पढ़ाई पर कोई असर नहीं पड़ेगा। यह एनओसी विभागाध्यक्ष, डीन, प्रिंसिपल या ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर जैसे अधिकृत अधिकारियों द्वारा जारी किया जाएगा।

अधिकारियों का मानना है कि पढ़ाई के दौरान ही इंटर्नशिप करने से छात्रों की नौकरी पाने की तैयारी और बेहतर होगी। इससे वे कम्युनिकेशन, टीमवर्क, समस्या समाधान और बदलते माहौल के अनुसार खुद को ढालने जैसी जरूरी स्किल्स सीख सकेंगे।

प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम एक प्रमुख योजना है, जिसका उद्देश्य युवाओं को पूरे देश में संरचित और पेड इंटर्नशिप के अवसर देना है।

इस योजना के तहत चुने गए इंटर्न को हर महीने कम से कम 9,000 रुपए की आर्थिक सहायता मिलती है और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों की बड़ी कंपनियों के साथ काम करने का मौका मिलता है।

इस योजना में इंडस्ट्री की भागीदारी भी अच्छी रही है। 300 से ज्यादा कंपनियां पायलट फेज में शामिल हो चुकी हैं और अलग-अलग तरह की इंटर्नशिप ऑफर कर रही हैं।

फिलहाल पायलट फेज का तीसरा चरण चल रहा है, जिसमें कंपनियां लगातार नए इंटर्नशिप अवसर पोर्टल पर जोड़ रही हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 5:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story