सैफ विमेंस चैंपियनशिप बांग्लादेश और मालदीव के साथ एक 'ग्रुप-बी' में मेजबान भारत
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। मेजबान भारत को सैफ विमेंस चैंपियनशिप 2026 के 'ग्रुप बी' में बांग्लादेश और मालदीव के साथ रखा गया है। यह आधिकारिक ड्रॉ ढाका स्थित सैफ सचिवालय में आयोजित किया गया। क्षेत्रीय टूर्नामेंट 25 मई से 6 जून तक मडगांव में खेला जाएगा, जहां सभी मुकाबले पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होंगे। 'ग्रुप ए' में नेपाल, श्रीलंका और भूटान को जगह मिली है। दोनों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी।
ऐसा दूसरी बार है, जब भारत सैफ विमेंस चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। इससे पहले उसने 2016 में सिलीगुड़ी में इसकी मेजबानी की थी, जहां मेजबान टीम ने ही ट्रॉफी अपने नाम की थी। इसके साथ ही, सैफ का एक्शन गोवा में भी लौटेगा, जिसने इससे पहले 1999 में इसी जगह पर पुरुषों की चैंपियनशिप की मेजबानी की थी।
यह ड्रॉ 21 अप्रैल को जारी हुई ताजा फीफा विमेंस वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर किया गया था, जिसमें भारत (69वें स्थान पर) और नेपाल (87वें स्थान पर) को पॉट 1 में रखा गया था। बांग्लादेश (112वें स्थान पर) और श्रीलंका (162वें स्थान पर) पॉट 2 में थे, जबकि भूटान (164वें स्थान पर) और मालदीव (167वें स्थान पर) ने पॉट 3 को पूरा किया।
भारत सैफ विमेंस चैंपियनशिप के इतिहास के सबसे सफल देश के रूप में टूर्नामेंट में उतरेगा। भारतीय टीम ने साल 2010, 2012, 2014, 2016 और 2019 में कुल 5 खिताब जीते हैं। हालांकि, बांग्लादेश मौजूदा चैंपियन के तौर पर पहुंचेगा, जिसने 2022 और 2024 में लगातार दो बार ट्रॉफी अपने नाम की थी।
'ब्लू टाइग्रेस' को हालिया जूनियर स्तर की सफलता से भी आत्मविश्वास मिलेगी। इसी साल भारत की अंडर-17 टीम ने अंडर-19 वर्ग में खेलते हुए पोखरा में आयोजित सैफ अंडर-19 विमेंस चैंपियनशिप के फाइनल में बांग्लादेश को 4-0 से हराया था। इससे भारतीय महिला फुटबॉल में उभरती प्रतिभा और मजबूत भविष्य की झलक मिली है। बीते हफ्ते, भारतीय महिला टीम ने नैरोबी में फीफा सीरीज 2026 के तीसरे स्थान के प्लेऑफ में मलावी पर 3-2 से रोमांचक जीत हासिल की थी।
कड़ी प्रतिस्पर्धा और घरेलू मैदान के फायदे के साथ, भारत अगले महीने के आखिर में गोवा में टूर्नामेंट शुरू होने पर महाद्वीपीय खिताब को फिर से हासिल करने की कोशिश करेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 6:17 PM IST












