झारखंड में लड़कियों की गुमशुदगी पर राज्यपाल सख्त, डीजीपी को त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश
रांची, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। झारखंड में नाबालिग लड़कियों की लगातार सामने आ रही गुमशुदगी की घटनाओं को लेकर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गहरी चिंता व्यक्त की है और पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
राज्यपाल के निर्देश पर अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी ने राज्य के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर इन मामलों में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। पत्र में कहा गया है कि पिछले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों से नाबालिग लड़कियों के लापता होने के कई मामले सामने आए हैं। इनमें कई मामलों में स्थानीय पुलिस द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे अप्रिय घटनाएं भी घटित हुई हैं।
राज्यपाल ने इसे बेहद चिंताजनक बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया है। राज्यपाल ने निर्देश दिया है कि राज्य के सभी जिलों में गुमशुदगी से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा की जाए और प्रत्येक मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरी की जाए। साथ ही, लंबित मामलों का जिलावार अद्यतन विवरण तैयार कर लोक भवन को उपलब्ध कराने को कहा गया है, ताकि इन मामलों की निगरानी उच्च स्तर पर की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस प्रकार के अपराधों में शामिल लोगों के मन में कानून का भय होना जरूरी है। इसके लिए पुलिस को सक्रिय, संवेदनशील और जवाबदेह तरीके से काम करने की आवश्यकता है। राज्यपाल ने यह भी कहा कि राज्य की प्रत्येक बेटी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यह सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी लड़कियां सुरक्षित और निर्भय माहौल में रह सकें।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी को लेकर राज्यपाल को विभिन्न संगठनों और नागरिकों की ओर से कई ज्ञापन प्राप्त हुए हैं। इन ज्ञापनों में मामलों की गंभीरता और त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी। इसी के मद्देनजर राज्यपाल ने यह पहल करते हुए पुलिस विभाग को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 6:59 PM IST












