बंगाल में ‘मां-माटी-मानुष’ का अपमान हुआ, जनता वोट से देगी जवाब नितिन नवीन
नैहाटी, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को पहले चरण के तहत वोटिंग होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दावा किया कि गुरुवार से ममता की आराजकता वाली सरकार का समापन शुरू होगा।
नैहाटी में आईएएनएस से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता अपनी पहली मुक्ति के लिए वोट करेगी। वे टीएमसी सरकार को हटाने के लिए वोट करेंगे। जिस प्रकार से टीएमसी के गुंडों ने हफ्ता वसूली और रंगदारी की और लोगों को प्रताड़ित किया है, जिस 'मां, माटी, मानुष' के नारे के साथ टीएमसी सरकार सत्ता में आई थी, उन्होंने उसका भी अपमान किया है। इसलिए अब इस सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। पश्चिम बंगाल की जनता इसकी शुरुआत गुरुवार को होने वाले पहले चरण की वोटिंग से करेगी।
उन्होंने कहा कि टीएमसी के लोग अराजकतावादी हैं। ये संविधान और संविधान में निर्धारित प्रक्रियाओं में विश्वास नहीं रखते। ये अपनी सत्ता और अपने शासन में विश्वास रखते हैं। ये संविधान के कानूनों को नहीं मानते। और यही कारण है कि इन्हें हर तरफ से फटकार पड़ रही है।
पीएम मोदी को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर निंदा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि मेरा मानना है कि जब भी कांग्रेस ने इतनी गिरी हुई बातें की हैं तो जनता ने उसे जवाब दिया है, और इस बार भी देगी।
नितिन नवीन ने कहा कि जब-जब कांग्रेस ने मोदी का अपमान किया, तब-तब देश की जनता मोदी को जीत का हार पहनाती है। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जिन शब्दों का प्रयोग किया है, अब बंगाल की जनता अपने वोट की चोट से उन्हें जवाब देगी।
भाजपा चीफ ने एक्स पोस्ट में लिखा कि नैहाटी स्थित ‘बड़ो मां काली मंदिर’ में विधिवत पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में शीश नवाया तथा देश की शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। यह पावन धाम पश्चिम बंगाल की समृद्ध आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक चेतना का सशक्त प्रतीक है, जहां मां काली के प्रति श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत स्वरूप देखने को मिलता है। मां का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 8:13 PM IST












