नोएडा एयरपोर्ट से अगले महीने उड़ानों की तैयारी तेज, 17 शहरों के लिए शुरू होंगी घरेलू सेवाएं
ग्रेटर नोएडा, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा के जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से जल्द ही हवाई सेवाएं शुरू होने जा रही हैं। एयरपोर्ट संचालन को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
मंगलवार को यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें अगले महीने से घरेलू और कार्गो उड़ानों की शुरुआत प्रमुख रही। बैठक में एयरलाइंस कंपनियों की ओर से शुरुआती चरण में देश के 17 शहरों के लिए उड़ान सेवाएं शुरू करने की योजना पर चर्चा की गई।
अधिकारियों के अनुसार, मई महीने के अंत तक एयरपोर्ट से नियमित घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए टिकट बुकिंग, ग्राउंड हैंडलिंग और अन्य जरूरी सेवाओं को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है। हालांकि, एयरपोर्ट संचालन शुरू होने से पहले ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम की मंजूरी मिलना अभी बाकी है। यह मंजूरी मिलते ही एयरपोर्ट संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।
इसके अलावा विदेशी सीईओ से जुड़े कुछ प्रशासनिक मुद्दों को भी सुलझाने का प्रयास जारी है, ताकि संचालन में कोई बाधा न आए। एयरपोर्ट के भविष्य के विस्तार को ध्यान में रखते हुए भी बड़े स्तर पर योजना बनाई गई है। अगले दो वर्षों में विमानों की पार्किंग के लिए 25 नए स्टैंड विकसित किए जाएंगे, जिस पर लगभग 300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इससे एयरपोर्ट की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अधिक उड़ानों का संचालन संभव हो सकेगा।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। यह एयरपोर्ट देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में उभरने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 8:00 PM IST












