आई-पैक मामले पर गरमाई राजनीति, हर्षवर्धन शृंगला बोले-ममता बनर्जी ने लोकतंत्र को खतरे में डाला

आई-पैक मामले पर गरमाई राजनीति, हर्षवर्धन शृंगला बोले-ममता बनर्जी ने लोकतंत्र को खतरे में डाला
राज्यसभा सदस्य हर्षवर्धन शृंगला ने पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया है। उन्‍होंने आई-पैक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत ने कहा है कि सीएम ममता बनर्जी ने लोकतंत्र को खतरे में डाला है।

दार्जिलिंग, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। राज्यसभा सदस्य हर्षवर्धन शृंगला ने पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया है। उन्‍होंने आई-पैक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत ने कहा है कि सीएम ममता बनर्जी ने लोकतंत्र को खतरे में डाला है।

सांसद ने यह भी कहा कि यह मुद्दा जनता के लिए महत्वपूर्ण है, खासकर ऐसे समय में जब उत्तर बंगाल में मतदान होने वाला है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे उन तथ्यों को ध्यान में रखें, जहां सरकार पर कानून और नियमों का पालन न करने के आरोप लग रहे हैं।

हर्षवर्धन शृंगला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि आई-पैक मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियां स्पष्ट रूप से दर्शाती हैं कि राज्य सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का काम किया है। उनके अनुसार, केंद्रीय जांच एजेंसियों के कामकाज में बाधा डालना एक गंभीर अपराध है और अगर इस तरह की प्रवृत्ति जारी रही तो जांच एजेंसियों की निष्पक्षता और कार्यक्षमता पर सवाल खड़े हो जाएंगे।

शृंगला ने कहा कि कोर्ट ने साफ तौर पर माना है कि इस तरह का हस्तक्षेप कानून के खिलाफ है और लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2008 से जुड़े कोयला घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों की जांच के दौरान आई-पैक से जुड़े एक सह-संस्थापक की गिरफ्तारी भी हुई थी। उनके अनुसार आशंका जताई जा सकती है कि तृणमूल कांग्रेस के चुनावी प्रबंधन से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज जांच एजेंसियों के हाथ न लगें, इसी वजह से मुख्यमंत्री ने हस्तक्षेप किया।

हर्षवर्धन शृंगला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और मुख्यमंत्री द्वारा उठाए गए कदम पूरी तरह गलत थे।

इसके अलावा, कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ इस्तेमाल की गई आपत्तिजनक भाषा पर भी शृंगला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा न केवल गैर-संसदीय है, बल्कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ कड़े फैसले लिए हैं, ऐसे में उनके लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल पूरी तरह अनुचित है और एक वरिष्ठ नेता से इस तरह की टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जाती।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 8:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story