महिलाओं को लेकर पप्पू यादव के बयान पर भाजपा, जदयू, राजद, कांग्रेस ने की कड़ी निंदा
पटना, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। पूर्णिया लोकसभा से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एनडीए और विपक्षी दलों के नेताओं ने एक स्वर में पप्पू यादव के बयान की निंदा की है।
कांग्रेस सांसद अभिषेक रंजन ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "टिप्पणी उनकी निजी राय थी। तमाम लीडर सेक्स स्कैंडल में फंसते रहते हैं। इससे मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। पप्पू यादव के स्टेटमेंट पर मैं ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा, यह उनकी निजी राय है। कुछ हद तक इसमें सच्चाई भी है।"
राजद विधायक आलोक कुमार मेहता ने साफ कहा, "किसी के द्वारा महिलाओं के मान-सम्मान के विपरीत या उन्हें ठेस पहुंचाने वाले किसी भी बयान का हम समर्थन नहीं करते।"
आरएलएम विधायक माधव आनंद ने पप्पू यादव के संसदीय अनुभव का जिक्र करते हुए कहा, "पप्पू यादव कई बार सांसद रह चुके हैं। ऐसे अनुभवी नेता द्वारा ऐसा बयान देना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस बयान की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है।"
लोजपा विधायक राजू तिवारी ने बयान की निंदा करते हुए कहा, "नारी शक्ति की इस देश में पूजा की जाती है। यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बयान है।"
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने पत्रकारों से बात करते हुए पप्पू यादव के बयान की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, "महिलाओं के प्रति इस तरह की असंवेदनशीलता बहुत गलत है। इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और कुछ नहीं हो सकता। 'इंडी' गठबंधन, कांग्रेस, सपा और राजद ने दशकों तक नारी शक्ति अधिनियम जैसे प्रगतिशील कानून को रोककर रखा। जब ऐतिहासिक मौका था, तब उन्होंने नारी शक्ति अधिनियम को रोककर बहुत बड़ा अत्याचार किया। उन्हें इतिहास और मातृ शक्ति कभी माफ नहीं करेगी।"
जदयू नेता श्रवण कुमार ने कहा, "किसी के बारे में ऐसी ओछी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। अगर ऐसा किया है तो सार्वजनिक रूप से उन्हें माफी मांगनी चाहिए।"
जदयू नेता देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा, "इतना शर्मनाक बयान है, जिस पर मैं टिप्पणी नहीं देना चाहता। वे इतने बड़े नेता हैं और कई साल से सांसद हैं। वह कैसे इस तरह का बयान दे सकते हैं, मुझे समझ नहीं आता।"
इस विवाद के बाद बिहार राज्य महिला आयोग ने पप्पू यादव को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कई महिला संगठनों और नेताओं ने पप्पू यादव की लोकसभा सदस्यता समाप्त करने की मांग भी की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 10:56 PM IST












