सनसनीखेज वारदात: जरीपटका थाने से चंद कदमों की दूरी पर बोरे में मिला शव, दो दिन से लापता था होटल संचालक, पैसे लाने निकला था

जरीपटका थाने से चंद कदमों की दूरी पर बोरे में मिला शव, दो दिन से लापता था होटल संचालक, पैसे लाने निकला था
  • होटल संचालक का शव मिला, हत्या कर फेंका गया था
  • दो बाेरी में भरकर नारा घाट के पास पीली नदी पर बने पुलिया के नीचे फेंका
  • गले और सिर पर घाव के निशान

Nagpur News. जरीपटका थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब नारा घाट पुल के नीचे एक बोरी में युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान राहुल सुनील साहू 38 वर्ष के रूप में हुई है, यह झिंगाबाई टाकली का निवासी था और सदर छावनी में किराए पर ओयो होटल चलाता था। उसके शव को दो बोरी के अंदर भरकर जरीपटका थाने से चंद कदमों की दूरी पर नारा घाट के समीप पीली नदी पर बने पुल के नीचे फेंका गया था। वह अपने होटल के एक कर्मचारी को पैसे लेने जाना की बात कहकर निकला था। जब वह देर रात घर नहीं लौटा तो सदर थाने में उसकी पत्नी ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।


दो दिन से लापता था राहुल

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झिंगाबाई टाकली मानकापुर निवासी राहुल शाहू , सदर छावनी स्थित अचरज टावर में “हैप्पी डे” नाम से होटल संचालित करता था। घटना के दो दिन पहले यानी 20 अप्रैल को वह शाम करीब 7.30 बजे अपनी मोपेड से किसी से पैसे लेने की बात कहकर होटल से निकला था और दो घंटे में लौटने की बात होटल के कर्मचारी से कही थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने संपर्क करने की कोशिश की, परंतु उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बुधवार दोपहर कुछ राहगीरों ने नारा घाट पुल के नीचे बोरी में शव देख पुलिस को सूचना दी। जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों की मदद से शव को पीली नदी से बाहर निकाला गया। शव दो बाेरी के अंदर भरा हुआ था, एक बोरी को सिर और दूसरी बोरी को पैर की ओर से डालकर दोनों बाेरी को रस्सी से बांधा गया था।


मौके पर पहुंची फारेंसिक टीम ने बोरी की रस्सियों को काटकर शव को बाहर निकालने के बाद उसका निरीक्षण करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। जरीपटका थाने के वरिष्ठ थानेदार अनिल ताकसांडे ने बताया कि मृतक के गले और सिर पर घाव के निशान थे। प्राथमिक जांच में यह हत्या का मामला लग रहा है। हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का यह भी मानना है कि अज्ञात आरोपियों ने राहुल की हत्या कहीं और की और शव को बोरी में भरकर नारा घाट के पास पुल के नीचे लाकर फेंक दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।

दोनों हाथ पर गुदा था हरिओम : सूत्रों के अनुसार राहुल अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल था। जरीपटका थाने से चंद कदमों की दूरी पर हत्या जैसे मामले को अंजाम देकर मृतक का शव लाकर फेंका गया। पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद मृतक के बारे में उसके दोस्त तक खबर पहुंची तो वह मौके पर पहुंचा। इस बीच मृतक के भाई ने भी मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान राहुल शाहू के रुप में की। उसके दोनों हाथों पर हरिओम गुदा होने की बात सामने आई है। इसके आधार पर मृतक के परिजनों ने उसकी पहचान राहुल शाहू के रुप में की है। राहुल का फोन किसका आया था। इसके बारे में कॉल डिटेल निकाला जा रहा है। घटना के बाद जरीपटका परिसर में नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी। पुलिस महकमे आला अफसर भी मौके पर पहुंचे थे।

Created On :   22 April 2026 8:06 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story