Nagpur News: नागपुर में साकार होगा ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर, 170 एनसीसी कैडेट्स का पहला बैच जल्द पहुंचेगा

नागपुर में साकार होगा ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर, 170 एनसीसी कैडेट्स का पहला बैच जल्द पहुंचेगा
  • 2026-27 सत्र में औपचारिक शुरुआत संभव
  • आधुनिक ड्रोन व साइबर सिक्योरिटी का प्रशिक्षण

Nagpur News उपराजधानी में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) कैडेट्स के लिए अत्याधुनिक ड्रोन प्रशिक्षण का सपना अब साकार होने जा रहा है। पूरे महाराष्ट्र से चयनित 170 कैडेट्स का पहला बैच जल्द ही नागपुर पहुंचेगा। जहां उन्हें ड्रोन संचालन और आधुनिक तकनीकों की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। 2026-27 सत्र में औपचारिक शुरुआत संभव है।

तेजी से तैयार हो रहा हैं सेंटर : त्यागी - महाराष्ट्र एनसीसी के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विवेक त्यागी ने बताया कि नागपुर में ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर शुरू होने के करीब है। यहां जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए गए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। सभी आवश्यक मंजूरियां भी मिल चुकी हैं। इस ट्रेनिंग में थल सेना, वायुसेना और नौसेना के कैडेट्स शामिल होंगे। विभिन्न यूनिट्स द्वारा अलग-अलग प्रकार के आधुनिक ड्रोन खरीदे जा रहे हैं। कैडेट्स को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप प्रैक्टिकल और एडवांस ट्रेनिंग ऋऋऋऋदी जा सके।

साइबर ट्रेनिंग पर भी रहेगा फोकस : मेजर जनरल विवेक त्यागी ने आगे कहा कि ड्रोन ट्रेनिंग के साथ-साथ साइबर प्रशिक्षण पर भी अधिक फोकस करेगा। बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए कैडेट्स को साइबर सुरक्षा और साइबर ट्रेनिंग की भी जानकारी दी जाएगी। इस संदर्भ में कई कंपनियों और एजेंसियों के साथ एमओयू साइन करने की तैयारी चल रही है।

इसी वर्ष से शुरू होने की संभावना : इस प्रोजेक्ट पर काम वर्ष 2024 में शुरू हुआ था। वर्ष 2025 में नागपुर एनसीसी यूनिट को राज्य का नोडल ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर घोषित किया गया। संभावना है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 या 16 जुलाई (एनसीसी स्थापना दिवस) के आसपास पहले बैच की औपचारिक शुरुआत की जाएगी।

ड्रोन-साइबर वॉरियर्स तैयार होंगे : पाकिस्तान के खिलाफ़ ऑपरेशन सिंदूर से सबक लेकर भारतीय सेनाओं ने ड्रोन तकनीक पर खास ध्यान देना शुरू किया है। सेना के हर बटालियन में ड्रोन प्लाटून तैयार किया जा रहा है। एनसीसी का अहम लक्ष्य है कि देश के युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जाए। इसके लिए एनसीसी देशभर में ड्रोन ट्रेनिंग सेंटर बनाने जा रही है। राज्य में नागपुर में पहला ऐसा सेंटर है जहां कैडेट्स को ड्रोन और एंटी-ड्रोन सिस्टम की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही साइबर वॉरियर्स तैयार किए जाएंगे।


Created On :   22 April 2026 1:33 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story