केन्द्र पर निशाना: 2023 में पारित बिल लागू करने की मांग, महिला आरक्षण के लिए सड़क से संसद तक लड़ेगी कांग्रेस

2023 में पारित बिल लागू करने की मांग, महिला आरक्षण के लिए सड़क से संसद तक लड़ेगी कांग्रेस
  • पीएम से चुनावी नजरिया छोड़ने की अपील
  • महिला आरक्षण के मुद्दे पर सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी

Nagpur News. कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अवनी बंसल ने कहा कि पार्टी महिला आरक्षण के मुद्दे पर सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। उन्होंने 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को तत्काल लागू करने की मांग की।

प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में बंसल ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पहले ही पास हो चुका है, इसलिए महिलाओं को इसका लाभ जल्द से जल्द मिलना चाहिए। उन्होंने लोकसभा की 543 सीटों में 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को देने की मांग करते हुए इसमें ओबीसी महिलाओं को भी शामिल करने पर जोर दिया।

बंसल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह महिला आरक्षण को लागू करने के बजाय इसे राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जब बिल पहले ही पारित हो चुका है, तो विशेष सत्र बुलाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। यह केवल चुनावी लाभ के लिए किया गया कदम है।

उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि महिला आरक्षण को चुनावी नजरिए से न देखें। साथ ही भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी महिलाओं के मुद्दों पर बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन जमीन पर काम नहीं करती। कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों के साथ खड़ी है और आगे भी रहेगी।

परिसीमन के मुद्दे पर बंसल ने कहा कि दक्षिण भारत की सीटें कम करने की साजिश हो रही है। सरकार के लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के दावे पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बिल में इसका कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं है, इसलिए केवल मौखिक आश्वासनों पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर महिलाओं से जुड़े इस बिल को लागू करने की मांग की थी, लेकिन सरकार ने इस पर ध्यान नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है।

पत्रकार वार्ता में नगर निगम में विपक्ष के नेता संजय महाकालकर, पार्षद अतुल कोटेचा, संगीता तलमले, दिनेश बानाबाकोडे, मुजीब पठान, संदेश सिंगलकर, अवंतिका लेकुरवाले और कुंदा राऊत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Created On :   21 April 2026 8:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story