डिजिटल अरेस्ट: पाकिस्तानी कनेक्शन का डर दिखाकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दे 36 लाख की ठगी

पाकिस्तानी कनेक्शन का डर दिखाकर महिला को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दे 36 लाख की ठगी
  • मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली
  • बरामद मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच जारी

Nagpur News. साइबर ठगों ने एक महिला को पाकिस्तानी कनेक्शन और मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने का भय दिखाकर ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर लिया और उससे 36 लाख रुपए ठग लिए। मामले के उजागर होने के बाद साइबर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच जारी है, हालांकि अभी तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। जानकारी के अनुसार, 30 मार्च 2026 को ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़िता को फोन किया। उसे बताया गया कि उसके नाम से खोले गए एक बैंक खाते से पाकिस्तान में बड़ा ट्रांजेक्शन हुआ है। इस आधार पर ईडी, सीबीआई सहित अन्य जांच एजेंसियों की जांच चलने का हवाला देते हुए उसे गिरफ्तारी की धमकी दी गई।

ठगों ने महिला से परिवार के अन्य सदस्यों के बैंक खातों और निजी जानकारी भी जुटाई। भरोसा दिलाने के लिए वीडियो कॉल (व्हाट्सएप कॉल) पर नकली थाना और पुलिस वर्दी तक दिखाई गई। इसके बाद मामला ‘रफा-दफा’ करने के नाम पर लाखों रुपए की मांग की गई और महिला को घर में ही ‘डिजिटल अरेस्ट’ की स्थिति में रखा गया।

डरी-सहमी महिला ने ठगों के दबाव में आकर अलग-अलग बैंक खातों में कुल 36 लाख रुपए जमा कर दिए। रकम ट्रांसफर करने के बाद उसे ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

प्रारंभिक जांच में ठगी की पुष्टि हो चुकी है। मंगलवार को मामला दर्ज किया गया। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस नंबरों के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।

Created On :   21 April 2026 6:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story