Nagpur News: बोर्ड ने छात्रों को दिया सुधार का मौका ट्यूशन क्लासेस ने बना लिया अवसर

बोर्ड ने छात्रों को दिया सुधार का मौका ट्यूशन क्लासेस ने बना लिया अवसर
  • टेस्ट सीरीज़ के नाम पर बढ़ता दबाव और खर्च
  • 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रक्रिया शुरू

Nagpur News सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) द्वारा कक्षा 10 की दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही छात्रों पर पढ़ाई का दबाव बढ़ता जा रहा है। एलओसी जमा करने और परीक्षा शुल्क भरने की समयसीमा के बीच अब कोचिंग क्लासेस की महंगी टेस्ट सीरीज़ ने विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा दी है। दूसरी बोर्ड परीक्षा को ‘सुधार का मौका’ माना जा रहा है, लेकिन कई छात्रों के लिए यह तनाव का कारण बनता जा रहा है। कम समय में तैयारी पूरी करने का दबाव, अच्छे अंक लाने की अपेक्षा और बार-बार परीक्षा देने की स्थिति छात्रों को मानसिक रूप से थका रही है। शहर के कई ट्यूशन क्लासेस द्वारा शुरू की गई टेस्ट सीरीज़ छात्रों पर नया दबाव डाल रही है। चार विषयों के लिए 2000 रुपये और दो सेट लेने पर 4000 रुपये तक का खर्च, न सिर्फ आर्थिक बोझ बढ़ा रहा है बल्कि छात्रों में यह डर भी पैदा कर रहा है कि बिना टेस्ट सीरीज़ के वे पीछे रह जाएंगे।

छात्रों के पास सीमित समय

दूसरी बोर्ड परीक्षा 2026 के लिए उम्मीदवारों की सूची (एलओसी) जमा करने और परीक्षा शुल्क भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बोर्ड के इस निर्णय के बाद विद्यार्थियों और स्कूलों के पास सभी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सीमित समय बचा है। बता दें कि 10 वीं सीबीएसई के परिणाम 15 अप्रैल को घोषित किये गए हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में आयोजित की जा रही है। पहला चरण 16 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक केवल परीक्षा शुल्क भुगतान के लिए निर्धारित किया गया है। दूसरा चरण भी 16 से 20 अप्रैल के बीच एलओसी जमा करने और शुल्क भुगतान दोनों के लिए रखा गया है। वहीं तीसरा चरण 21 और 22 अप्रैल को होगा, जिसमें विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। मतलब मंगलवार से विद्यार्थियों को लेट फीस के साथ आवेदन भरने पड़ेंगे। इसी मौके का फायदा अब शहर के कोचिंग इंस्टीट्यूट भी लेते हुए देखाई दे रहे हैं , बेहतर परफॉर्मेंस के लिए महंगी टेस्ट सीरीज का विकल्प लाया जा रहा हैं।

छूटे हुए छात्रों को मिला मौका

सीबीएसई ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के नाम पहले चरण में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें अब आवेदन करने का अवसर दिया गया है। ऐसे छात्र आवश्यक शुल्क जमा कर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। जिन छात्रों का पंजीकरण पहले ही हो चुका है, उन्हें केवल परीक्षा शुल्क का भुगतान करना होगा। वहीं, जो छात्र इस परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते, वे अपना नाम वापस लेने का विकल्प भी चुन सकते हैं।

गणित विषय में बदलाव का अवसर

बोर्ड ने विद्यार्थियों को गणित विषय के स्तर में बदलाव का भी विकल्प दिया है। स्टैंडर्ड गणित लेने वाले छात्र बेसिक में जा सकते हैं, जबकि बेसिक वाले छात्र स्टैंडर्ड स्तर चुन सकते हैं। हालांकि, अन्य विषयों में किसी भी प्रकार के बदलाव की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, जो छात्र पहले ही उत्तीर्ण हो चुके हैं, वे अपने अंकों में सुधार के लिए विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन विषयों में इम्प्रूवमेंट परीक्षा दे सकते हैं।


Created On :   21 April 2026 12:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story