खरीददारी: अक्षय तृतीया पर जमकर हुई धनवर्षा - 400 करोड़ के पार हुआ व्यापार, वाहनों की डिलीवरी के साथ 2 हजार से अधिक गृह प्रवेश, बाजारों में भीड़

अक्षय तृतीया पर जमकर हुई धनवर्षा - 400 करोड़ के पार हुआ व्यापार, वाहनों की डिलीवरी के साथ 2 हजार से अधिक गृह प्रवेश, बाजारों में भीड़
  • उम्मीद से ज्यादा व्यापार, आंकड़ा 400 करोड़ के पार
  • सर्राफा - 200 करोड़ का कारोबार
  • 2 हजार से ज्यादा गृह प्रवेश

Nagpur News. अक्षय तृतीया के दिन रविवार को शहर के बाजारों में जमकर धन बरसा। व्यापारियों की उम्मीद से बढ़कर कारोबार हुआ है। सर्राफा में खरीदारों और डिलीवरी लेने वालों की भीड़ रही। इलेक्ट्रॉनिक्स में भी अच्छी-खासी बिक्री दर्ज की गई है। शहर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र इतवारी, धरमपेठ और सीताबर्डी में दिन भर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही। व्यापारियों के अनुसार, जिलेभर में कुल कारोबार 400 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया।

सर्राफा - 200 करोड़ का कारोबार

सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों का भरोसा बरकरार रहा। पारंपरिक गहनों के साथ वेस्टर्न और लाइटवेट ज्वेलरी की मांग अधिक रही। छोटे निवेश के रूप में 1 से 2 ग्राम के सोने के सिक्कों की एडवांस बुकिंग पहले ही हो चुकी थी। अध्यक्ष राजेश रोकडे ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ग्राहक नागपुर पहुंचे, जिससे सर्राफा बाजार में अनुमानित 150 से 200 करोड़ का कारोबार हुआ है।

ऑटो सेक्टर में भी तेजी

अक्षय तृतीया के मौके पर शहर के ऑटोमोबाइल शोरूम में भी जबरदस्त हलचल रही। विदर्भ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज पांडे के अनुसार, दोपहिया और चार पहिया मिलाकर 2,500 से अधिक वाहनों की डिलीवरी दी गई। बढ़ती पेट्रोल कीमतों के बीच इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में भी तेजी देखने को मिली।

2 हजार से ज्यादा गृह प्रवेश

क्रेडाई नागपुर के अध्यक्ष राजमोहन साहू के अनुसार, नागपुर और आसपास के क्षेत्रों में 2,000 से अधिक गृह प्रवेश हुए, जबकि 4,000 से ज्यादा नई बुकिंग हुई है। साहू ने बताया कि शहर के विस्तार के साथ नए प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग और विशेष छूट ने खरीदारों को आकर्षित किया।

बर्तन बाजार में भी दिखा उत्साह

अक्षय तृतीया पर शगुन के तौर पर पीतल के बर्तनों की खरीदारी भी जोरों पर रही। इतवारी बर्तन बाजार में दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही। एसोसिएशन के अध्यक्ष जतिन शाह के अनुसार, उम्मीद के मुताबिक इस बार कारोबार दोगुना रहा है। बाजारों में ग्राहकों की भरपूर आमद देखने को मिली।

प्रॉपर्टी, वाहन की पूछ-परख

अक्षय तृतीया पर प्रॉपर्टी, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की खरीदी के प्रति भी ग्राहकों का आकर्षण देखते ही बन रहा था। जहां एक ओर कई लोगों ने फ्लैट, दुकान, रो हाउस और प्लॉट्स की बुकिंग अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त पर कराई। इधर, इलेक्ट्रॉनिक्स वस्तुओं की बात करें तो मोबाइल, लैपटॉप, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एयर कंडीशनर आदि की खरीदी के लिए भी लोग इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूमों में खरीदी करते नजर आए। इससे इन सभी सेक्टर में बंपर कारोबार हुआ है।

Created On :   20 April 2026 7:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story