Nagpur News: खुद को पीएम का करीबी बताने वाला शिवम 32 लाख की ठगी में गिरफ्तार

खुद को पीएम का करीबी बताने वाला शिवम 32 लाख की ठगी में गिरफ्तार
फर्जी जॉब रैकेट का पर्दाफाश

Nagpur News सरकारी नौकरी, पेट्रोल पंप और वेयरहाउस दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का बेलतरोड़ी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना शिवम संतोषकुमार सेन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके तीन अन्य साथी अब भी फरार हैं। आरोपी शिवम फिलहाल नागपुर सेंट्रल जेल में बंद है।

रसूख का झांसा देकर फंसाया जाल में : पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि, आरोपी शिवम खुद को केंद्रीय मंत्री का निजी सहायक और प्रधानमंत्री का करीबी बताता था। उसने सिविल ठेकेदार नामदेव कडू (64) को नीति आयोग में नौकरी, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी अलॉट कराने का सपना दिखाया। विश्वास जीतने के लिए आरोपियों ने वॉट्सएप पर फर्जी अलॉटमेंट लेटर और सरकारी मुहर लगे जॉइनिंग ऑर्डर भी भेजे।

2 करोड़ तक पहुंच सकता है आंकड़ा : पीड़ित नामदेव कडू और उनके परिवार ने आरोपियों की बातों में आकर अलग-अलग किश्तों में 32 लाख रुपये गंवा दिए। हालांकि, जांच में सामने आया है कि, इस गिरोह ने वर्ष 2022 से अब तक कई लोगों को निशाना बनाकर करीब 1 करोड़ 94 लाख 74 हजार 600 रुपये की ठगी की है।

यूपी-एमपी में भी दर्ज हैं मामले : बेलतरोड़ी पुलिस ने तकनीकी जांच और पनवेल पुलिस की मदद से शिवम को सेक्टर-13, पनवेल से दबोचा। चर्चा है कि, पुलिस ने उसे वाशी के एक होटल में डिनर के बहाने बुलाकर जाल में फंसाया। आरोपी पर पहले से ही भोपाल और उत्तर प्रदेश के शाहजहानाबाद में आपराधिक मामले दर्ज हैं। भोपाल पुलिस भी उसे रिमांड पर लेने की तैयारी में है। इस गिरोह के तीन अन्य सदस्य रामचंद्र मिश्रा,योगेंद्र मिश्रा, देवेंद्र भार्गव फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।


Created On :   22 April 2026 12:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story