- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर शहर के दो बड़े अस्पतालों में...
Nagpur News: नागपुर शहर के दो बड़े अस्पतालों में परिजनों के लिए बने प्रतीक्षालय

Nagpur News सरकारी अस्पतालों के विकास व विस्तार के साथ अब मरीजों के परिजनों को भी राहत मिलेगी। अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजनों को रहने के लिए सुविधाजनक निवारा केंद्र बनाए गए हैं। इससे मेयो व मेडिकल में परिजनों के रहने की समस्या हल होगी। इसमें महिला-पुरुषों के लिए स्वतंत्र सुविधाएं तैयार की गई हैं।
108 बेड व 800 कुर्सियां
शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेडिकल) में 54-54 बेड के दो अत्याधुनिक निवारा केंद्र बनाए गए हैं। इन दोनों में शौचालय, स्नानगृह, पुरुष व महिलाओं के लिए स्वतंत्र व्यवस्था, पीने का ठंडा पानी, साफ-सुथरे बेड, तकिया, ओढ़ने के लिए कंबल आदि की सुविधा है। इसके अलावा मरीजों के परिजनों के लिए नए प्रतीक्षालयों का निर्माण किया गया है। कुल 8 प्रतीक्षालयों में से 4 का काम पूरा हो चुका है। 4 प्रतीक्षालय अगले महीने तैयार हो जाएंगे। इन 8 प्रतीक्षालयों की क्षमता 800 की है। प्रतीक्षालयों में महिला व पुरुषों के लिए शौचालय व पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा यहां इंटरकॉम सिस्टम भी लगाया जाएगा, जिससे मरीज के परिजन को प्रतीक्षालय में ही सूचना देकर बुलाया जा सकेगा। अधिष्ठाता डॉ. राज गजभिये के मार्गदर्शन में इनका निर्माण किया गया है।
मेयो में अगले महीने शुरू होगा
इंदिरा गांधी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय व अस्पताल (मेयो) में 54 बेड का निवारा केंद्र तैयार किया गया है। मई महीने के पहले सप्ताह में इस केंद्र को शुरू किया जाएगा। केंद्र में मरीजों के परिजनों के लिए जरूरी सुविधाएं तैयार की गई हैं, जिसमें सोने के लिए गद्दे, तकिये, कंबल आदि शामिल हैं। महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय, स्नानगृह हैं। इसके अलावा पीने के पानी की मशीन लगाई गई है। अधिष्ठाता डॉ. रवि चव्हाण ने बताया कि फिलहाल यह इमारत एक माले की तैयार हो चुकी है, जिसमें 54 बेड की सेवा शुरू की जाएगी। इस इमारत की क्षमता पांच मंजिल की है। समय के साथ इसका विकास किया जाएगा, ताकि अधिकाधिक लोगों को यहां ठहरने की सुविधा मिल सके। इसके अलावा पहले ही 24 लोगों की ठहरने की व्यवस्था एक कंपनी के माध्यम से की गई है। इस तरह मेयो में 78 लोग ठहर सकते हैं। इसके अलावा मुख्य ओपीडी के प्रतीक्षालय में 300 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
Created On :   22 April 2026 3:22 PM IST














