राजनाथ सिंह व जर्मनी के रक्षामंत्री की मुलाकात, डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप पर हुए हस्ताक्षर

राजनाथ सिंह व जर्मनी के रक्षामंत्री की मुलाकात, डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप पर हुए हस्ताक्षर
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बर्लिन में जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस से महत्वपूर्ण मुलाकात की। यह बैठक उनकी तीन दिवसीय जर्मनी यात्रा का अहम हिस्सा रही, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना है।

नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बर्लिन में जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस से महत्वपूर्ण मुलाकात की। यह बैठक उनकी तीन दिवसीय जर्मनी यात्रा का अहम हिस्सा रही, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करना है।

इस मुलाकात की एक प्रमुख उपलब्धि ‘डिफेंस इंडस्ट्रियल रोडमैप’ पर हस्ताक्षर करना रहा। यह रोडमैप और समझौता दोनों देशों के बीच रक्षा उद्योग में सहयोग को नई दिशा देगा। बुधवार को हुई इस बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक मुद्दों पर चर्चा की। राजनाथ सिंह ने भारत का पक्ष दोहराते हुए कहा कि आतंकवाद की उसके हर रूप में बिना किसी अपवाद या औचित्य के स्पष्ट रूप से निंदा की जानी चाहिए। वहीं भारत-जर्मनी रक्षा सहयोग को गहरा करने, वैश्विक और क्षेत्रीय सुरक्षा परिदृश्य में हो रहे बदलावों, तथा उभरती भू-राजनीतिक चुनौतियों पर चर्चा भी शामिल रही।

दोनों पक्षों ने इस बात पर सहमति जताई कि वर्तमान समय में बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच मजबूत और भरोसेमंद साझेदारी बेहद आवश्यक है। इसके अलावा, संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में सहयोग को लेकर एक कार्यान्वयन व्यवस्था (इम्प्लीमेंटिंग अरेंजमेंट) पर भी हस्ताक्षर किए गए। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच शांति अभियानों में समन्वय बढ़ाना, प्रशिक्षण और अनुभव साझा करना तथा वैश्विक शांति प्रयासों में प्रभावी योगदान सुनिश्चित करना है।

बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि जर्मनी के रक्षा मंत्री से मुलाकात अत्यंत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने बताया कि दोनों देशों ने रक्षा सहयोग को और मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर विचार-विमर्श किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की यह यात्रा भारत और जर्मनी के बीच बढ़ते रणनीतिक संबंधों का संकेत है। दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों, नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था और वैश्विक शांति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को साझा करते रहे हैं। ऐसे में रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग न केवल द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक स्थिरता में भी योगदान देगा।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इससे पहले जर्मनी की राजधानी बर्लिन में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान रक्षामंत्री ने भारतीय समुदाय के लोगों से खुलकर संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीयों की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी भारत और जर्मनी के बीच एक ‘जीवंत सेतु’ हैं। राजनाथ सिंह ने जर्मनी में रह रहे भारतीय समुदाय के लोगों को बताया कि आज भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है और बुनियादी ढांचे में बड़े स्तर पर विकास हो रहा है।

इसके साथ ही भारत में स्टार्टअप का माहौल भी तेजी से बढ़ा है, जहां युवा नए-नए विचारों के साथ आगे आ रहे हैं। राजनाथ सिंह ने अंतरिक्ष और डिजिटल क्षेत्र का जिक्र करते हुए कहा कि भारत इन क्षेत्रों में भी लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। राजनाथ सिंह ने बर्लिन में अपने तीन दिवसीय यात्रा के पहले दिन जर्मन संसद की रक्षा और सुरक्षा संबंधी स्थायी समिति को भी संबोधित किया था। रक्षा मंत्री ने यहां कहा कि आज दुनिया नए प्रकार के सुरक्षा खतरों का सामना कर रही है। तकनीकी बदलावों ने स्थिति को और अधिक जटिल बना दिया है। ऐसे में बदलते माहौल के अनुरूप ढलने की क्षमता और नई सोच अपनाना समय की मांग है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   22 April 2026 6:50 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story