जम्मू में भाजपा की आक्रोश रैली में महिलाओं ने कहा-आरक्षण हमारा हक, लेकर रहेंगे
जम्मू, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। संसद में महिला आरक्षण संशोधन बिल के पारित नहीं होने पर जम्मू में बुधवार को आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में शामिल भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अपना हक लेकर रहेंगी चाहे विपक्षी दल भले ही कितना भी षडयंत्र रच लें।
भाजपा विधायक शगुन परिहार ने कहा, "मैं कांग्रेस की मानसिकता और राजनीति से दुखी हूं। जब महिलाओं को विधानसभा और संसद में जगह दिलाने के लिए एक संशोधन बिल लाया गया था, जिसमें हमारी माताओं-बहनों को आरक्षण का हक मिलना था तो विपक्षी दलों ने उसमें विलेन बनने का काम किया। कांग्रेस की परिवारवादी राजनीति ने उस संशोधन बिल को पास नहीं होने दिया।"
भाजपा नेता देवयानी राणा ने कहा कि यह बहुत दुख की बात है कि विपक्षी दलों ने महिलाओं को आरक्षण का हक नहीं मिलने दिया।
उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संसद में 33 फीसदी वाला आरक्षण पेश किया गया तो विपक्ष ने न केवल इसे पास नहीं होने दिया, बल्कि इसका मजाक भी उड़ाया। सोचकर भी बुरा लगता है कि उस वक्त कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की मानसिकता कैसी रही होगी। जब महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है तो विपक्षी दलों द्वारा इसे रोकना दर्शाता है कि महिलाओं के हित की बात होगी तो विपक्ष गंभीरता से नहीं लेगा। इसे विपक्ष ने सियासी मुद्दा बनाया है। विपक्ष के लोग महिलाओं को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं और देश को भी पीछे खींच रहे हैं।
नेहा महाजन ने कहा कि जब विपक्षी पार्टियां बात नहीं समझतीं तो हमें सड़कों पर उतरना पड़ता है। हमने देखा कि 17 अप्रैल को विपक्ष ने किस तरह का हाई-वोल्टेज ड्रामा किया और 33 फीसदी आरक्षण से महिलाओं को वंचित रखा। इसी विपक्ष के खिलाफ जम्मू-कश्मीर की 'त्रिशक्ति' सड़कों पर उतर आई हैं और अपने हक की मांग कर रही है।
जम्मू-कश्मीर के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने कहा कि विपक्षी दलों के खिलाफ आयोजित इस आक्रोश रैली में उमड़ी जनशक्ति ने स्पष्ट संदेश दिया कि नारी सम्मान और अधिकारों के साथ किसी भी तरह का समझौता अब स्वीकार नहीं होगा। नारी शक्ति के सम्मान की यह लड़ाई निरंतर जारी रहेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 6:34 PM IST












