दिल्ली पैसे मांगने घर पहुंचा युवक, इनकार पर चाकू से महिला पर किया हमला, हालत गंभीर
नई दिल्ली, 26 मार्च (आईएएनएस)। मयूर विहार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक महिला पर हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना बुधवार की रात हुई, जिसमें गंभीर रूप से घायल एक महिला को लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मयूर विहार पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि अफसाना नामक महिला घायल अवस्था में आई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला से पूछताछ की। महिला ने बताया कि उसी दिन लगभग 9:45 बजे उसका चचेरा भाई असलम, जो बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गांव चिट्ठी का निवासी है और ब्लॉक-27 में बिरयानी कॉर्नर में काम करता है, उसके घर आया। असलम ने कथित तौर पर महिला को गालियां दीं और उससे पैसे की मांग की। जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया, तो असलम आक्रोशित हो गया और गुस्से में आकर हमला कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि पैसे न देने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और धारदार हथियार (चाकू) से गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में अफसाना को गंभीर चोट आई। घटना के तुरंत बाद आरोपी की मां ने उसे एलबीएस अस्पताल लाया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार चोट गम्भीर है और घाव की प्रकृति की निगरानी की जा रही है।
इस मामले में मयूर विहार पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। प्राथमिकी में भारतीय दंड संहिता की धारा 109(1) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई। घटना के सिलसिले में आरोपी असलम को गिरफ्तार कर लिया गया और हत्या के प्रयोजन में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि घायल महिला अस्पताल में उपचाराधीन है और उसकी स्थिति स्थिर है। मामले की गहन जांच जारी है।
वहीं, उत्तर-पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतक की मां शबाना ने आईएएनएस को बताया कि बच्चे को बुलाकर ले गए थे। आधे घंटे के भीतर ही उन्होंने उसे मार डाला। हम उन्हें जानते हैं और उन्होंने पहले भी कई हत्याएं की हैं। महिला ने आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। मृतक के पिता ने कहा कि बच्चे की उम्र लगभग 15 साल थी। वह धार्मिक पढ़ाई कर रहा था। रात को करीब 8 बजे वह घर से बाहर निकला था। रात को लगभग 11.30 बजे हमें सूचना मिली की आपके बच्चे का मर्डर हो गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 11:24 AM IST












