बिहार में रामनवमी की तैयारी पूरी, महावीर मंदिर के पट रात दो बजे खुलेंगे
पटना, 26 मार्च (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के कस्बों, गांवों तक मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव रामनवमी पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे लेकर सभी तरफ तैयारी अंतिम दौर में है। इसी क्रम में प्रशासन द्वारा सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं।
रामनवमी को लेकर राजधानी पटना की सभी सड़कें महावीरी ध्वजा, बैनर, रामनाम पताका, और तोरण द्वार से सजे नजर आ रही हैं। राज्य के सभी मंदिरों को फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पटना जंक्शन के समीप स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में रामनवमी को लेकर विशेष व्यवस्था की गई। महावीर मंदिर का पट शुक्रवार को अहले सुबह दो बजे खोल दिया जाएगा। मंदिर को लाइट और फूल से सजाया जा रहा है। सजावट के लिए कोलकाता से फूल मंगाए गए हैं।
भगवान की विशेष पूजा और आरती के बाद भक्त मंदिर में स्थित हनुमानजी के दोनों विग्रहों का दर्शन कर सकेंगे। इस वर्ष मंदिर में पांच लाख भक्तों के दर्शन करने का अनुमान मंदिर प्रबंधन ने लगाया है। मंदिर प्रबंधन ने कहा कि इस वर्ष रामनवमी के दिन सबसे पहली कतार में लगे दर्शन करने वाले 10 भक्तों को मंदिर प्रशासन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस साल रामनवमी को लेकर 25 हजार किलो नैवेद्यम (खास तरीके से तैयार प्रसाद) तैयार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को नैवेद्यम खरीदने के कई काउंटर लगाए जा रहे हैं।
श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि रामलला के जन्मोत्सव के अवसर पर फूलों की बारिश कराई जाएगी। मंदिर के अंदर और बाहर भक्तों की भीड़ की निगरानी सीसीटीवी कैमरों द्वारा की जाएगी। पिछले वर्ष की तुलना में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाई गई है। इस बार रामनवमी पर 52 झांकियां झंडा लेकर मंदिर पहुंचेंगी।
वीर हनुमान के पूजन का सीधा प्रसारण देखने के लिए 20 एलईडी स्क्रीन लगाए जा रहे हैं, जिससे पंक्तिबद्ध श्रद्धालु भी पूजन कार्यक्रम को देख सकें। पटना में इस वर्ष रामनवमी के मौके पर शाम को शोभायात्रा निकाली जा रही है। सभी 52 शोभायात्राएं विभिन्न इलाकों से डाकबंगला चौराहे पहुंचेंगी, जहां इन शोभायात्राओं का स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर कई गणमान्य लोग रहेंगे।
इधर, पटना में सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। महावीर मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार तीन लेयर में व्यवस्था लागू की गई है। मंदिर परिसर और उसके आसपास काफी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग आधुनिक कंट्रोल रूम से की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 12:57 PM IST












