‘नागबंधम’ की रिलीज डेट आई सामने, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
हैदराबाद, 26 मार्च (आईएएनएस)। निर्देशक अभिषेक नामा की बहुप्रतीक्षित पौराणिक एक्शन ड्रामा फिल्म ‘नागबंधम’ अब सिनेमाघरों में आने को तैयार है। फिल्म के निर्माताओं ने गुरुवार को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि यह पैन-इंडिया फिल्म 3 जुलाई में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म में अभिनेता विराट कर्ण मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। प्रोडक्शन हाउस निक स्टूडियोज ने इंस्टाग्राम पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा, '' तारीख तय हो गई है, 2026 की सबसे बड़ी पैन-इंडिया फिल्मों में से एक रिलीज को तैयार है। नागबंधम 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का रहस्य आपको हैरान कर देगा, आपकी सोच बदल देगा और बड़े पर्दे पर एक जबरदस्त अनुभव देगा।''
निर्देशक अभिषेक नामा का यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, जो भारत के प्राचीन विष्णु मंदिरों के छिपे रहस्यों पर आधारित है। खासतौर पर ‘नागबंधम’ की पवित्र प्रथा को केंद्र में रखकर बनाई गई यह कहानी पद्मनाभस्वामी और पुरी जगन्नाथ मंदिर जैसे दिव्य स्थानों से जुड़ी पौराणिक कथाओं और रहस्यमयी अनुष्ठानों की गहराई में उतरती है। हाल के वर्षों में इन मंदिरों में मिले खजानों की खोज से प्रेरित यह फिल्म सदियों पुराने रहस्यों को आधुनिक अंदाज में पेश करती है।
फिल्म में योद्धा की भूमिका निभाने वाले विराट कर्ण के अलावा प्रभावशाली कलाकारों की टोली शामिल है। फिल्म में नाभा नतेश और ऐश्वर्या मेनन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ जगपति बाबू, जयप्रकाश, मुरली शर्मा और बीएस. अविनाश भी फिल्म में नजर आएंगे। इस फिल्म को पैन-इंडिया स्तर पर हिंदी, तेलुगू, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज किया जाएगा।
फिल्म की सिनेमैटोग्राफी साउंडर राजन एस ने संभाली है, जबकि संगीत आभे और जुनैद कुमार ने दिया है।
रिपोर्ट के अनुसार, अभिषेक नामा ने रहस्यमयी और एडवेंचर से भरपूर इस प्रोजेक्ट को बड़े पैमाने पर तैयार किया है। भव्य वीएफएक्स, आकर्षक लोकेशंस और गहरी पौराणिक थीम्स के साथ यह फिल्म दर्शकों को एक अनोखा सिनेमाई अनुभव देने वाली है। वहीं, निर्माताओं का मानना है कि ‘नागबंधम’ साल 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक साबित होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 March 2026 1:55 PM IST












