दिल्ली पति-पत्नी के विवाद के बाद सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत, पत्नी के चार परिजनों पर हत्या का मामला
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर की कथित पिटाई से मौत हो गई। मामला पति-पत्नी के बीच हुए विवाद से जुड़ा था। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी के चार परिजनों को हिरासत में लिया है और हत्या का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान विनय गुप्ता (31) के रूप में हुई है, जो लक्ष्मी पार्क के निवासी थे और नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। उनकी शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले बुद्ध विहार निवासी लड़की के साथ हुई थी। दंपति के करीब साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद विनय की पत्नी ने अपने मायके पक्ष के परिजनों को घर बुलाया। आरोप है कि पत्नी के परिजन निहाल विहार स्थित विनय के घर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की।
बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान विनय गुप्ता को गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उनकी हालत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि मामले में कथित रूप से शामिल चार लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के पीछे की परिस्थितियों और विवाद के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 11:47 PM IST












