दिल्ली पुलिस ने चोरी करते हुए चोर को किया गिरफ्तार, सामान बरामद

दिल्ली पुलिस ने चोरी करते हुए चोर को किया गिरफ्तार, सामान बरामद
पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पुलिस ने एक चोर को चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया घरेलू सामान भी बरामद कर लिया है।

नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पुलिस ने एक चोर को चोरी करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया घरेलू सामान भी बरामद कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, विकास मार्ग स्थित एक मकान में चोरी की घटना सामने आई। शिकायतकर्ता अब्दुल बासित जब अपने घर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि घर के अंदर के ताले टूटे हुए हैं और सामान गायब है। इसी दौरान उनकी नजर एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी, जो बालकनी के पास से हरे रंग का थैला लेकर निकल रहा था। शक होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी भागने लगा।

घर में शोर मचाने की आवाज सुनते ही प्रीत विहार थाने की गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सोहन कालिया (30) के रूप में हुई, जो चित्रा विहार झुग्गी का निवासी है। वहीं पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल राम सिंह और कांस्टेबल बिजेंद्र शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपी के पास मिले थैले की तलाशी लेने पर उसमें चोरी का कई घरेलू सामान बरामद हुआ। बरामद वस्तुओं में इलेक्ट्रिक वायरिंग सेट, बाथरूम फिटिंग पाइप, हैंड शॉवर, नकली ज्वेलरी, स्टील का फ्राई पैन, इलेक्ट्रिक जूसर और एक्सटेंशन बोर्ड शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने मौके पर ही सभी सामान की पहचान कर ली।

इस संबंध में प्रीत विहार थाने में एफआईआर संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी एक आदतन अपराधी है और 35 से अधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें चोरी, झपटमारी, लूट और वाहन चोरी जैसे अपराध शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहता है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और चोरी के बाकी सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय पुलिसिंग और अपराध पर नियंत्रण के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 9:28 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story