दिल्ली पुलिस ने ठगी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, चोरी का पूरा सामान बरामद
नई दिल्ली, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली कैंट पुलिस ने चोरी के एक मामले में शामिल मदनगीर के रहने वाले 24 वर्षीय आरोपी कुणाल को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी का एक बैग बरामद किया। इस बैग में सोने, हीरे के जेवर, कैनेडियन डॉलर, भारतीय मुद्रा, मोबाइल फोन, पासपोर्ट, परमानेंट रेजिडेंट कार्ड और अपराध में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी शामिल थी।
दिल्ली कैंट पुलिस ने दीदार सिंह नाम के एक व्यक्ति की शिकायत पर 12 मार्च को ई-एफआईआर दर्ज की थी। शिकायत में बताया गया था कि धौला कुआं, रिंग रोड पर फुट ओवरब्रिज के पास उनकी निजी टैक्सी से एक बैग चोरी हो गया था। उन्होंने बताया कि ओवरब्रिज के पास अपनी गाड़ी रोकी थी। दो अनजान लड़कों ने रास्ता पूछने के बहाने गाड़ी से बैग निकाल लिया और स्कूटी से फरार हो गए।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान, पुलिस टीम ने रिंग रोड, रिज रोड, टोडापुर और इंद्रपुरी इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। स्थानीय जानकारी और तकनीकी विश्लेषण की मदद से आरोपी कुणाल की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी कुणाल अपने साथियों के साथ मिलकर, मदद मांगने के बहाने गाड़ियों को रुकवाता था और ड्राइवरों से कार की खिड़कियां खोलने के लिए कहता था। जैसे ही कार की खिड़कियां खुलती थीं, आरोपियों में से एक पीड़ित का ध्यान भटकाता था, जबकि दूसरा इस मौके का फायदा उठाकर गाड़ी के अंदर रखी कीमती चीजें चुरा लेता था। इसके बाद, वे तुरंत अपनी दोपहिया गाड़ी से मौके से फरार हो जाते थे।
पुलिस के मुताबिक, ट्रैफिक जाम के दौरान आरोपी रिंग रोड के आस-पास के इलाकों को निशाना बनाते थे, ताकि वे भीड़भाड़ वाले ट्रैफिक के बीच से अपनी दोपहिया गाड़ी को आसानी से निकालकर भाग सकें। वे जान-बूझकर शहर में उन जगहों को भी निशाना बनाते थे, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होते थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 April 2026 11:28 AM IST












