पश्चिम बंगाल में डेमोग्राफिक बदलाव गंभीर मुद्दा, ममता बनर्जी दे रहीं बढ़ावा सीएम देवेंद्र फडणवीस
राजारहाट, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की राजनीति, डेमोग्राफिक बदलाव, नासिक टीसीएस घटना और 'कॉर्पोरेट जिहाद' जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की। फडणवीस ने ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला और राज्य में घुसपैठियों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राजारहाट में आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि यह चुनाव सिर्फ एक पार्टी को सत्ता से हटाने का नहीं है। पश्चिम बंगाल का चुनाव घुसपैठियों को रोकने के लिए भी बहुत जरूरी है। ममता दीदी ने विकास के रास्ते को छोड़कर शॉर्टकट अपनाया है। वे विकास के जरिए नहीं, बल्कि डेमोग्राफिक बदलाव के जरिए सत्ता में बने रहना चाहती हैं। इसी लिए उन्होंने बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए रास्ता बना दिया है। पश्चिम बंगाल में डेमोग्राफिक बदलाव एक गंभीर मुद्दा बन चुका है। ममता बनर्जी सरकार इस बदलाव को बढ़ावा दे रही है, जो राज्य की संस्कृति, सुरक्षा और पहचान के लिए खतरा है।"
उन्होंने ममता बनर्जी और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पर निशाना साधते हुए कहा, "टीएमसी और एआईएमआईएम जैसी पार्टियां अंदर से एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ये एक-दूसरे की मदद के लिए बयान देते हैं और फिर आलोचना भी करते हैं। यही इनकी रणनीति है। मैं साफ-साफ कहता हूं कि कोई बाबरी मस्जिद नहीं बना पाएगा, लेकिन जिनके मन में बाबर बसा हुआ है, उन्हें भी हम नहीं बख्शेंगे।"
फडणवीस ने चुनाव आयोग और न्यायपालिका पर कथित हमलों का जिक्र करते हुए कहा, "जब महाराष्ट्र में चुनाव हुए थे, तब चुनाव आयोग ने हमारे डीजीपी और मुख्य सचिव को बदल दिया था। हमने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। चुनाव आयोग ने जो भी निष्पक्ष कदम उठाए, हमने उन्हें स्वीकार किया और चुनाव जीत गए। लेकिन, यहां बंगाल में पूरी तरह अलग स्थिति है। यहां मुख्यमंत्री खुद सेंट्रल एजेंसी के दफ्तर जाती हैं, फाइलें छीनती हैं और लौट जाती हैं। मुझे लगता है कि लोकतंत्र की इससे बड़ी हार और कोई नहीं हो सकती।"
नासिक में टीसीएस कंपनी में हुई घटना पर उन्होंने कहा, "यह एक बहुत ही गंभीर मामला है और हम इसकी गहन जांच कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि टीसीएस के सबसे वरिष्ठ नेतृत्व ने भी इस घटना की निंदा की है और जांच में पूरा सहयोग दे रहे हैं। वे ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए नई नीति तैयार कर रहे हैं। हम यह भी देख रहे हैं कि क्या यह एक अलग घटना है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा है। क्या यह ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ है? हम इसकी भी जांच कर रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 April 2026 8:03 PM IST












