'देश को ऐसा नेता लंबे समय तक चाहिए', पीएम मोदी के जन्मदिन पर बोले प्रकाश जावड़ेकर

देश को ऐसा नेता लंबे समय तक चाहिए, पीएम मोदी के जन्मदिन पर बोले प्रकाश जावड़ेकर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशभर में लोग खुशियां मना रहे हैं और उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे समय तक काम किया है और दुनिया में भारत के कामकाज को प्रभावी तरीके से पहुंचाया है।

पुणे, 17 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देशभर में लोग खुशियां मना रहे हैं और उनके दीर्घायु होने की कामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लंबे समय तक काम किया है और दुनिया में भारत के कामकाज को प्रभावी तरीके से पहुंचाया है।

पुणे में आईएएनएस से बातचीत में जावड़ेकर ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर में लोग खुशियां मना रहे हैं। पहली बार लोगों ने ऐसा प्रधानमंत्री देखा है, जिन्होंने लंबे समय तक काम किया है और उससे भी ज्यादा एक महानायक के रूप में अपनी पहचान बनाई है।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने दुनिया में भारत के कामकाज को "बहुत अच्छे और सटीक तरीके से" पहुंचाया है और देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। जावड़ेकर ने कहा कि देश में विकास की अनेक योजनाएं चल रही हैं, जिनका करोड़ों लोगों को लाभ मिल रहा है। इसके लिए लोग आज प्रधानमंत्री से कह रहे हैं, "धन्यवाद मोदी जी।"

उन्होंने कहा, "लोग आज उन्हें आशीर्वाद देंगे। जो बुजुर्ग हैं, वे उन्हें आशीर्वाद देंगे और बाकी लोग भी उनकी दीर्घायु के लिए प्रार्थना करेंगे, क्योंकि देश को ऐसा नेता लंबे समय तक चाहिए।"

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शुरू किए जा रहे 'सेवा संकल्प' अभियान को लेकर जावड़ेकर ने कहा कि प्रधानमंत्री का हमेशा मानना रहा है कि उनका जन्मदिन सामान्य तरीके से नहीं मनाया जाना चाहिए, बल्कि इस अवसर पर जरूरतमंदों और समाज की सेवा की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि गरीबों की सेवा, मरीजों की सेवा, दुर्घटनाग्रस्त सैनिकों की देखभाल और आंगनवाड़ी केंद्रों में जाकर सेवा जैसे कई कार्यक्रम पार्टी आने वाले महीनेभर में आयोजित करेगी।

जावड़ेकर ने कहा, "यही उनकी कल्पना है, क्योंकि सेवा-सुशासन, सेवा-संकल्प और सुशासन, यही त्रिसूत्री है उनके जन्मदिन मनाने की।"

सेमिकॉन इंडिया 2026 को लेकर जावड़ेकर ने कहा कि भारत नए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के यशोभूमि में सेमिकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम में वैश्विक सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम से जुड़ी कंपनियां, निवेशक, शोधकर्ता और अन्य हितधारक हिस्सा ले रहे हैं।

जावड़ेकर ने कहा कि भारत पहली और दूसरी औद्योगिक क्रांति का लाभ पूरी तरह नहीं उठा सका, लेकिन अब देश स्वतंत्र है और नई तकनीकी क्रांति के दौर में अवसर को नहीं गंवाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "मोदी जी ने बराबर उसको पकड़ा है। एआई के साथ-साथ सेमीकंडक्टर, रेयर अर्थ मटेरियल, यही अब दुनिया बदलने वाले हैं और रोजगार निर्माण करने वाले हैं। ऐसी सारी योजनाओं में वह सबको बुला भी रहे हैं।"

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश बढ़ रहा है, सरकार प्रोत्साहन दे रही है और नीतियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, "सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में हम बहुत दूर की छलांग मारेंगे और इसका जल्दी इम्पैक्ट आएगा, यह मुझे पूरा विश्वास है।"

यूपीआई के कुछ बड़े मर्चेंट ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत एमडीआर को लेकर राहुल गांधी की 'अमेरिकी दबाव' वाली टिप्पणी पर जावड़ेकर ने कहा कि इस पर राहुल गांधी की बात पर प्रतिक्रिया देने जैसा कुछ नहीं है।

एनपीसीआई के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 से 2,000 रुपये से अधिक के कुछ यूपीआई मर्चेंट लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर लागू किया जाना है। यह शुल्क ग्राहकों के बजाय पात्र व्यापारियों पर लागू होगा।

जावड़ेकर ने कहा कि पहले क्रेडिट कार्ड के जरिए भुगतान पर दुकानदारों से करीब दो प्रतिशत तक शुल्क लिया जाता था, जबकि प्रस्तावित व्यवस्था में बड़े लेनदेन पर 0.4 प्रतिशत शुल्क होगा। उन्होंने कहा कि व्यक्ति से व्यक्ति (पी2पी) लेनदेन पर कोई टैक्स नहीं लगाया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "मैंने आपको 2,000 रुपये आज भेजे, तो उस पर कोई टैक्स नहीं है। पर्सन टू पर्सन टैक्स नहीं है। दुकानदार की खरीदारी में जो होता है, उसमें जहां 2 प्रतिशत क्रेडिट कार्ड में कंपनी को देते थे, उसके बजाय अब उनको केवल 0.4 प्रतिशत देना है और पैसे नकद मिलेंगे।"

कांग्रेस के इस मुद्दे पर विरोध को लेकर जावड़ेकर ने कहा, "कांग्रेस के पास दूसरा कोई एजेंडा ही नहीं है। पूरा-पूरा मोदी द्वेष ही उनका एकमात्र एजेंडा है और वही वो चलाते हैं।"

उन्होंने आगे कहा, "पूरा देश मोदी पर प्यार करता है, मोदी पर विश्वास है और इसलिए ऐसी टिप्पणियों पर मुझे बात करना भी अच्छा नहीं लगता।"

इस बीच, केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "नए भारत के वास्तुकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Sept 2026 5:34 PM IST

Tags

Next Story