पड़ताल: मालिक का वॉट्सऐप हैक कर अकाउंटेंट को भेजा मैसेज, उड़ाए 3 करोड़ 70 लाख, बैंकिंग ट्रेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच

मालिक का वॉट्सऐप हैक कर अकाउंटेंट को भेजा मैसेज, उड़ाए 3 करोड़ 70 लाख, बैंकिंग ट्रेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच
  • वॉट्सऐप और मोबाइल तक पहुंच बनाने का संदेह
  • आरटीजीएस के जरिए रकम दूसरे खातों में ट्रांसफर
  • कंपनी मालिक के नाम पर भेजा गया था रकम ट्रांसफर करने का संदेश

डिजिटल डेस्क, छत्रपति संभाजीनगर। जवाहर नगर में साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर कंपनी मालिक संदेश दौंडे के मोबाइल या वॉट्सऐप अकाउंट तक पहुंच बनाकर अकाउंटेंट को उनके नाम से रकम ट्रांसफर करने का मैसेज भेज दिया। मालिक का निर्देश समझकर अकाउंटेंट ने कंपनी के बैंक खाते से करीब 3.70 करोड़ रुपए का आरटीजीएस कर दिया। रकम ट्रांसफर होने के बाद जब मामले की जानकारी कंपनी के अधिकारियों को हुई तो हड़कंप मच गया। इसके बाद बैंक से संपर्क कर पुलिस को सूचना दी गई। जवाहर नगर पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू है।

ऐसे दिया गया झांसा

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अकाउंटेंट को कंपनी मालिक के नाम से तत्काल रकम ट्रांसफर करने का संदेश मिला था। संदेश पर संदेह नहीं होने के कारण अकाउंटेंट ने कंपनी के बैंक खाते से 3.70 करोड़ रुपए आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर कर दिए। बाद में कंपनी अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई तो बैंक को सूचना देकर लेनदेन रोकने और रकम का पता लगाने का प्रयास किया गया। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि रकम किन खातों में पहुंची और वहां से आगे किन खातों में ट्रांसफर की गई।

बैंकिंग ट्रेल से खुलेगा ठगी का राज

पुलिस आरटीजीएस की बैंकिंग ट्रेल के साथ वॉट्सऐप चैट, मोबाइल डिवाइस, लॉग-इन डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच करेगी। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कंपनी मालिक के मोबाइल या वॉट्सऐप अकाउंट तक साइबर अपराधियों की पहुंच कैसे बनी। वारदात में कितने लोग शामिल हैं और रकम को किन माध्यमों से आगे ट्रांसफर किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।

Created On :   17 Sept 2026 5:55 PM IST

Tags

Next Story