Chhatrapati Sambhajinagar News: धधकी प्लास्टिक कंपनी, दो कर्मचारी झुलसे; पांच दमकल वाहनों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू

  • प्लास्टिक के कच्चे माल में तेजी से फैली आग, करोड़़ी शिवार में मचा हड़कंप
  • तड़के 2.27 बजे लगी आग, लपटों और धुएं से दमकल जवानों के सामने बढ़ी चुनौती
  • दो झुलसे कर्मचारियों को अस्पताल में कराया गया भर्ती, नुकसान का आकलन जारी

Chhatrapati Sambhajinagar News करोड़़ी शिवार स्थित आर.एन. ट्रेडिंग प्लास्टिक कंपनी में शनिवार तड़के करीब 2.27 बजे अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने कंपनी के करीब 8 हजार वर्गफुट क्षेत्र में रखे प्लास्टिक के कच्चे माल और अन्य सामग्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना में कंपनी के दो कर्मचारी झुलस गए।

आग की सूचना मिलते ही पदमपुरा मुख्य अग्निशमन केंद्र और कांचनवाड़ी से दमकल वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए। आग की भयावहता को देखते हुए एमआईडीसी वालुज, पदमपुरा, कांचनवाड़ी और गरवारे कंपनी की दमकल टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। कुल पांच अग्निशमन वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने के लिए अभियान चलाया गया।

प्लास्टिक के कच्चे माल ने बढ़ाई चुनौती : बताया गया कि आर.एन. ट्रेडिंग कंपनी में कच्चे माल से प्लास्टिक दाना तैयार किया जाता है। कंपनी के बड़े हिस्से में प्लास्टिक का कच्चा माल मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटों और धुएं के कारण दमकल जवानों के सामने चुनौती बढ़ गई थी। जवानों ने सावधानी के साथ आग बुझाने का अभियान चलाया और आखिरकार आग को नियंत्रित करने में सफलता हासिल की।

घटना के दौरान कंपनी में मौजूद दो कर्मचारी आग की चपेट में आकर झुलस गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उनकी हालत के संबंध में तत्काल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी है।

आधी रात के बाद मचा हड़कंप : शनिवार तड़के आग लगने के कारण आसपास के क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाल लिया। दमकल वाहनों की लगातार आवाजाही और जवानों की मशक्कत से इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। समय रहते आग को नियंत्रित किए जाने से आसपास के क्षेत्र में इसके फैलने का खतरा टल गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अशोक एन. खांडेकर के मार्गदर्शन में अग्निशमन केंद्र अधिकारी विजय राठोड़, उप अग्निशमन केंद्र अधिकारी लक्ष्मण कोल्हे और विनायक लिमकर, ड्यूटी अधिकारी दीपराज गंगावणे और गोरखनाथ जाधव सहित अग्निशमन जवानों ने अभियान में भाग लिया। दमकल जवान संग्राम मोरे, सचिन शिंदे, अक्षय नागरे, छत्रपति केकान, छगन सलमबाद, इसाक शेख, रवि दुधे, गोपीचंद मोरे, रावसाहेब वाकळे और रावसाहेब जाधव तथा वाहन चालकों संतोष चव्हाण, मनोज राठोड़ और सैयद सईद ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


आग लगने के पीछे का वास्तविक कारण तत्काल स्पष्ट नहीं हो सका है। आग में कंपनी का कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन संबंधित विभाग और कंपनी प्रबंधन की ओर से किया जा रहा है।

Created On :   3 Oct 2026 4:11 PM IST

Tags

Next Story