लगाया चूना: बैंक खातों से 1.70 लाख रुपए पार, 63 वर्षीय व्यापारी साइबर ठगी का शिकार, अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला

बैंक खातों से 1.70 लाख रुपए पार, 63 वर्षीय व्यापारी साइबर ठगी का शिकार, अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला
  • इंडसइंड और आईसीआईसीआई बैंक खातों से बिना अनुमति रकम ट्रांसफर
  • सीए के साथ बैठक में व्यस्त थे व्यापारी, बाद में मिली ठगी की जानकारी
  • जवाहरनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मामला

Chhatrapati Sambhaji Nagar News. शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इंदिरानगर निवासी 63 वर्षीय व्यापारी के दो अलग-अलग बैंक खातों से अज्ञात व्यक्ति ने बिना अनुमति कुल 1 लाख 70 हजार रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए। घटना की शिकायत मिलने के बाद जवाहरनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता विष्णुकुमार ओमप्रकाश अग्रवाल (63) व्यापार करते हैं। 19 मई को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वे एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के साथ बैठक में व्यस्त थे। इसी दौरान उनके इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के खातों से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना रकम ट्रांसफर कर दी गई।

कुछ समय बाद अग्रवाल को बैंक खातों से रकम निकलने की जानकारी मिली। उन्होंने संबंधित बैंकों से संपर्क कर लेन-देन की जानकारी हासिल की। इसमें दोनों खातों से कुल 1.70 लाख रुपए किसी अन्य बैंक खाते में ट्रांसफर होने का पता चला।

दर्ज कराई शिकायत

इसके बाद अग्रवाल ने 24 अगस्त को जवाहरनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए संबंधित बैंक खातों, ट्रांजेक्शन और लाभार्थी खाते की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने बैंक खातों से जुड़ी जानकारी कैसे हासिल की और रकम किस माध्यम से दूसरे खाते में ट्रांसफर की। साइबर ठगी के इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Created On :   26 Aug 2026 6:22 PM IST

Tags

Next Story