- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- औरंगाबाद
- /
- एसआरपीएफ जवान ने खुद को मारी गोली,...
Sambhaji Nagar News: एसआरपीएफ जवान ने खुद को मारी गोली, पंढरपुर वारी ड्यूटी के दौरान सरकारी रायफल से आत्महत्था

Sambhaji Nagar News. आषाढ़ी वारी के बंदोबस्त के दौरान राज्य राखीव पुलिस बल (एसआरपीएफ) के जवान राजेंद्र साबणे, निवासी गंगाखेड़ (परभणी), द्वारा अपनी सरकारी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। घटना 25 जुलाई की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। जवान एसआरपीएफ ग्रुप नंबर-14, छत्रपति संभाजीनगर (सातारा कैंप) में पदस्थ था और मूल रूप से परभणी जिले का निवासी था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जवान सोलापुर जिले के पंढरपुर में आषाढ़ी वारी के सुरक्षा बंदोबस्त में तैनात था। इसी दौरान उसने अपनी सरकारी रायफल से स्वयं को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विभाग में शोक
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर पुलिस बल में बढ़ते मानसिक तनाव और कार्य परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। लंबे समय तक लगातार ड्यूटी, पर्याप्त आराम का अभाव, पारिवारिक जिम्मेदारियां, मानसिक दबाव और लगातार चलने वाले बंदोबस्त जैसे कारणों को लेकर समय-समय पर चिंता जताई जाती रही है।
यह भी पढ़े -नितेश राणे पर कांग्रेस का पलटवार, राकेश सिन्हा बोले- चोरी पकड़ी गई तो विपक्ष को दे रहे गाली
नियमित काउंसलिंग व सुविधाओं की जरूरत
पुलिस कर्मियों को नियमित काउंसलिंग, समय पर अवकाश, पर्याप्त विश्राम और मनोवैज्ञानिक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। पुलिस विभाग के लिए यह घटना केवल एक जवान की मौत नहीं, बल्कि पूरे तंत्र के लिए आत्ममंथन का विषय मानी जा रही है।
अधिकारियों से अपेक्षा की जा रही है कि वे घटना के वास्तविक कारणों की निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवानों के कल्याण और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दें। मृतक जवान के परिवार को सूचना दे दी गई है।
Created On :   26 July 2026 4:32 PM IST












