- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- औरंगाबाद
- /
- मराठवाड़ा में ATS की बड़ी कार्रवाई,...
Chhatrapati Sambhajinagar News: मराठवाड़ा में ATS की बड़ी कार्रवाई, चार जिलों में छापे; 14 लोग पूछताछ के लिए हिरासत में

Chhatrapati Sambhajinagar News महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने मराठवाड़ा में बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्रपति संभाजीनगर, जालना, बीड और धाराशिव (उस्मानाबाद) जिलों में एक साथ कई स्थानों पर छापेमारी की। संदिग्ध सोशल मीडिया संपर्कों की जांच के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल 14 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इनमें छत्रपति संभाजीनगर के 6 और अन्य जिलों के 8 लोग शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एटीएस को सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ संदिग्ध संपर्कों और गतिविधियों के संबंध में इनपुट मिले थे। इसी आधार पर चारों जिलों में समन्वित अभियान चलाया गया। फिलहाल हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके सोशल मीडिया अकाउंट, मोबाइल फोन तथा संपर्कों की गहन जांच की जा रही है।
आतंकी संगठन से संबंध की पुष्टि नहीं : सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई फिलहाल केवल जांच के उद्देश्य से की गई है। अभी तक किसी भी व्यक्ति के किसी आतंकी संगठन से जुड़े होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एटीएस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संदिग्ध सोशल मीडिया संपर्कों की प्रकृति क्या थी और उनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क या अन्य गैरकानूनी गतिविधि तो नहीं है।
डिजिटल साक्ष्यों की हो रही जांच : जांच एजेंसी मोबाइल फोन, सोशल मीडिया चैट, डिजिटल डिवाइस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अफवाहों से बचने की अपील : एटीएस की इस कार्रवाई के बाद मराठवाड़ा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। अधिकारियों ने नागरिकों से अपुष्ट जानकारी और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद एटीएस की ओर से आधिकारिक जानकारी जारी की जाएगी।
Created On :   10 July 2026 4:48 PM IST












