Sambhaji Nagar News: रमाई घरकुल योजना में गड़बड़ी का आरोप - सीएम और डिप्टी सीएम के नाम पर भी बनाए गए फर्जी दस्तावेज

रमाई घरकुल योजना में गड़बड़ी का आरोप - सीएम और डिप्टी सीएम के नाम पर भी बनाए गए फर्जी दस्तावेज
  • इम्तियाज जलील ने एसआईटी जांच की मांग की
  • 3 से 5 हजार रुपये में तैयार हुए कथित फर्जी आधार
  • कथित फर्जी राशन कार्ड और प्रमाण-पत्र भी तैयार

Sambhaji Nagar News. रमाई घरकुल योजना में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का आरोप सामने आया है। पूर्व सांसद इम्तियाज जलील ने गुरुवार को दावा किया कि योजना में भ्रष्टाचार करने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम पर भी कथित रूप से बोगस आधार कार्ड, राशन कार्ड, निवास, आय और जाति प्रमाण-पत्र तैयार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि 3 से 5 हजार रुपये लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और इन्हीं के आधार पर योजना में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार की आशंका है। जलील ने पूरे मामले की विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की मांग की है।

कैसे तैयार किए गए कथित फर्जी कागजात

जलील के अनुसार, रमाई घरकुल योजना के तहत लगभग 23 करोड़ रुपये वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए एक हस्तलिखित सूची तैयार की गई, जिसमें कई नाम संदिग्ध बताए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी है। जलील का आरोप है कि सरकारी योजना के नियमों के अनुसार लाभार्थी का पता सरकारी बैंक खाते से जुड़ा होना चाहिए, लेकिन कथित तौर पर कुछ अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के लिए लाभार्थियों के खाते पतसंस्थाओं में खुलवाए। इस तरह किसी भी नाम से बोगस दस्तावेज तैयार कर सरकारी निधि का दुरुपयोग किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

तत्काल कार्रवाई की मांग

जलील ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो, मनपा आयुक्त और अन्य अधिकारियों से की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।

Created On :   13 March 2026 5:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story