- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- औरंगाबाद
- /
- भाजपा ने 58 सीटें जीतकर स्पष्ट...
छत्रपति संभाजीनगर मनपा चुनाव परिणाम: भाजपा ने 58 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत किया हासिल, एआईएमआईएम 33 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी

Chhatrapati Sambhaji Nagar News. मराठवाड़ा की पांच महानगरपालिकाओं के चुनाव परिणाम अपेक्षानुसार सामने आए हैं। छत्रपति संभाजीनगर, जालना और नांदेड़ महानगरपालिकाओं में भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सत्ता पर कब्जा जमाया है। वहीं लातूर में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है, जबकि परभणी में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, हालांकि बहुमत के लिए उसे कांग्रेस के समर्थन की आवश्यकता होगी।
महानगरपालिका वार परिणाम
छत्रपति संभाजीनगर
भाजपा ने 115 में से 58 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। एआईएमआईएम 33 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी रही। पिछले 25 वर्षों से सत्ता में रही शिवसेना (उबाठा) को करारी हार का सामना करना पड़ा और पार्टी को मात्र 6 सीटें ही मिल सकीं।
जालना
पहली बार हुए महानगरपालिका चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 65 में से 41 सीटें अपने नाम कीं। शिवसेना (शिंदे) को 12, जबकि कांग्रेस को 9 सीटें मिलीं।
लातूर
कुल 70 सीटों वाली महानगरपालिका में कांग्रेस ने 43 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ता हासिल की। भाजपा को 22 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।
नांदेड़
भाजपा ने अकेले चुनाव लड़ते हुए 81 में से 45 सीटें जीतकर बहुमत प्राप्त किया। कांग्रेस को यहां 10 सीटें मिलीं।
परभणी
65 सीटों वाली महानगरपालिका में शिवसेना (उबाठा) 24 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है। कांग्रेस को 12, भाजपा को 12, जबकि राकांपा (अजीत पवार) को 11 सीटें मिली हैं। बहुमत के लिए शिवसेना (उबाठा) को कांग्रेस के सहयोग की जरूरत पड़ेगी।
उत्तर महाराष्ट्र में भाजपा-युति का वर्चस्व
जलगांव
भाजपा ने जीत की परंपरा कायम रखते हुए 75 में से 46 सीटें जीतकर एक बार फिर रिकॉर्ड बनाया। शिवसेना (शिंदे) को 22 सीटें प्राप्त हुईं।
धुलिया
74 सीटों वाली महानगरपालिका में भाजपा ने 50 सीटें जीतकर प्रभावशाली विजय दर्ज की। राकांपा (अजीत पवार) को 8 और शिवसेना (शिंदे) को 5 सीटें मिलीं। महाआघाड़ी को एक भी सीट नहीं मिल सकी।
अहिल्यानगर
68 सीटों की महानगरपालिका में भाजपा ने 25 और सहयोगी राकांपा (अजीत पवार) ने 27 सीटें जीतकर मिलकर सत्ता पर कब्जा जमाया। शिवसेना (शिंदे) को 10 सीटें मिलीं, जबकि महागठबंधन के खाते में मात्र 3 सीटें आईं।
Created On :   16 Jan 2026 9:58 PM IST











