अफरा-तफरी: विधायक संजय केणेकर के जनसंपर्क कार्यालय में लावारिस बैग मिला, छर्रों वाली एयर गन बरामद

विधायक संजय केणेकर के जनसंपर्क कार्यालय में लावारिस बैग मिला, छर्रों वाली एयर गन बरामद
  • सीसीटीवी फुटेज से सुलझी गुत्थी
  • धमकियों से नहीं डरूंगा : केणेकर

Chhatrapati Sambhaji Nagar News. शहर के व्यस्त क्रांति चौक स्थित भारतीय जनता पार्टी के विधायक संजय केणेकर के जनसंपर्क कार्यालय में शनिवार सुबह एक लावारिस बैग मिलने से अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों ने जब बैग खोला तो उसमें छर्रों वाली एयर गन मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच की। पंचनामा कर बैग और एयर गन जब्त कर ली गई।

सीसीटीवी फुटेज से सुलझी गुत्थी

पुलिस ने कार्यालय और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर बैग के मालिक की पहचान हुई। जांच में सामने आया कि बैग रितेश होलकर का है, जो एक ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी में कार्यरत है। वह निजी कार्य से कार्यालय आया था और जल्दबाजी में दूसरा ऑर्डर मिलने पर बैग वहीं भूलकर चला गया।

इस संबंध में पंकज अतुलकर ने बताया कि क्रांति चौक पुलिस थाने में होलकर के खिलाफ नागरी सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि एयर गन किस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से मंगाई गई थी।

आरोपी का बयान

पूछताछ में होलकर ने बताया कि उसने एयर गन ऑनलाइन मंगवाई थी। उसका दावा है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि एयर गन उसी बैग में रखी हुई है।

धमकियों से नहीं डरूंगा : केणेकर

घटना के बाद केणेकर कार्यालय पहुंचे और पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उन्हें पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वे विभिन्न घोटालों की शिकायतें उठाते रहे हैं और लव जिहाद व गोवंश जैसे मुद्दों पर मुखर रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और उनकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Created On :   15 Feb 2026 7:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story