Sambhaji Nagar News: गैस रिसाव से थमी समृद्धि महामार्ग की रफ्तार, 25 किलोमीटर तक वाहनों की लगी लंबी कतारें

गैस रिसाव से थमी समृद्धि महामार्ग की रफ्तार, 25 किलोमीटर तक वाहनों की लगी लंबी कतारें
  • 7 अप्रैल को जालना एग्जिट के पास एक टैंकर से गैस रिसाव होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित
  • करीब 25 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई

Sambhaji Nagar News. समृद्धि महामार्ग पर मंगलवार, 7 अप्रैल को जालना एग्जिट के पास एक टैंकर से गैस रिसाव होने के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। इस घटना के चलते करीब 25 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई और हजारों यात्री घंटों तक जाम में फंसे रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर जालना एग्जिट के आगे एक टैंकर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तत्काल यातायात रोक दिया, लेकिन फंसे हुए वाहनों को निकालने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई।

जाम में फंसे यात्रियों को भीषण गर्मी और असुविधा का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक जालना एग्जिट से बाहर निकलने की अनुमति मांगते रहे, लेकिन उन्हें स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिल सके।

सूत्रों के अनुसार, जब यात्रियों ने समृद्धि महामार्ग के कंट्रोल रूम से संपर्क किया, तो उन्हें प्रारंभिक तौर पर जाम की जानकारी नहीं होने की बात कही गई। हालांकि, मौके पर लंबा जाम होने की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी।

इस घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह ठप रहा। प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने और यातायात सुचारू करने के प्रयास जारी हैं।स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने इस घटना के बाद आपातकालीन स्थिति में बेहतर समन्वय और वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

Created On :   7 April 2026 8:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story