New Delhi News: डीडीकेवाई के तहत महाराष्ट्र के नौ जिले चयनित, छत्रपति संभाजीनगर, पालघर, यवतमाल और बीड भी शामिल

New Delhi News. महाराष्ट्र में मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र सहित नौ जिलों को प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना (डीडीकेवाई) के तहत चयनित किया गया है। इसमें पालघर, यवतमाल, गढ़चिरोली, धुले, रायगढ़, चंद्रपुर. छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़ और बीड शामिल हैं। राज्यसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने यह जानकारी दी। शिवसेना (उद्धव) सांसद संजय राउत के पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि डीडीकेवाई जिलों से संबंधित जिला कार्य प्लान को जिला धन धान्य समिति द्वारा तैयार और अनुमोदित किया जाता है। ये प्लान 11 विभागों की 36 केंद्रीय योजनाओं, राज्य योजनाओं और निजी क्षेत्र की भागीदारी के साथ बनाई गई है। सूखा प्रवण क्षेत्रों के लिए सिंचाई अवसंरचना निर्माण और जल संरक्षण जैसे विशिष्ट उपायों को भी जिला प्लान में शामिल किया गया है।
ठाकुर ने बताया कि महाराष्ट्र की एग्रो-इकोलॉजी के अनुसार दलहन पर अनुप्रयुक्त अनुसंधान करने के लिए आईसीएआर, खरीफ और रबी दलहन पर आईसीएआर के एआईसीआरपी के तहत राज्य के चार कृषि विश्वविद्यालयों/अनुसंधान संस्थान सहयोग कर रहे हैं। इसमें वसंतराव नाईक मराठवाड़ा कृषि विद्यापीठ परभणी, डॉ पंजाबराव देशमुख कृषि विद्यापीठ अकोला, महात्मा फुले कृषि विद्यापीठ राहुरी, और भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र ट्रॉम्बे मुंबई शामिल है।
Created On :   8 Feb 2026 12:37 PM IST













