- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- कांग्रेस सांसद पडोले को जल शक्ति...
अनूठा अंदाज: कांग्रेस सांसद पडोले को जल शक्ति मंत्री ने दिया आश्वासन, जल्द करेंगे गंदे पानी की समस्या का निराकरण

New Delhi News. संसद के बजट सत्र में सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जारी गतिरोध के बीच भंडारा-गोदिया से कांग्रेस सांसद डॉ प्रशांत पडोले अपने संसदीय क्षेत्र की समस्याओं को अलग ही अंदाज में उठा रहे हैं। वे रोजाना मकर द्वार की सीढियों पर बैठकर अलग अलग मसलों पर विरोध जता रहे हैं और सांसदों व केंद्रीय मंत्रियों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट कर रहे हैं। इस क्रम में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने उनकी समस्य़ा को सुनने के बाद आश्वस्त किया है कि वह जल्द ही समाधान निकालेंगे। बता दें कि प्रशांत पडोले विपक्ष के उन 8 सांसदों में शामिल हैं, जिन्हें लोकसभा में अनुशासन तोड़ने की वजह से निलंबित किया गया है। दरअसल, सोमवार को जब प्रशांत पडोले मकर द्वार की सीढ़ियों पर हाथ में तख्ती और गंदे पानी की बोतल लेकर बैठे थे, उसी वक्त केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीढ़ियों से उतर रहे थे, बरबस उनका ध्यान पडोले के हाथ में लहरा रही तख्ती और पानी की बोतल पर पड़ गया। उन्होंने रूककर कांग्रेस सांसद से इस बाबत जानकारी ली। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र स्थित नागरा गांव में जल जीवन मिशन के तहत हुए काम की शिकायत करते हुए कहा कि वहां के लोग गटर से पानी भरने को विवश हैं। इसके साथ ही उन्होंने कई अन्य गांवों में गंदे पानी की समस्या का जिक्र किया।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह लिख कर दे दें। इस पर सांसद ने बताया कि कई बार वह लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने अपने एक अधिकारी को निर्देश दिया कि वह कांग्रेस सांसद से उनके हाथ में लिए गंदे पानी की बोतल, तस्वीरें और अन्य सूचना ले लें। साथ ही उन्होंने पडोले को आश्वस्त किया कि वह इस दिशा में उचित कार्रवाई करेंगे।
Created On :   9 Feb 2026 8:10 PM IST












