- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- भंडारा के आश्रय बालगृह से भागीं तीन...
Bhandara News: भंडारा के आश्रय बालगृह से भागीं तीन किशोरियां

Bhandara News तहसील के अंतर्गत आमगांव/दिघोरी स्थित आश्रय बालगृह से तीन नाबालिग लड़कियां 2 फरवरी को तड़के किसी को बिना बताए लापता हुई। मध्यरात्रि में हुई इस घटना से बालगृह में रहने वाली लड़कियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में कारधा पुलिस थाने में 3 फरवरी को अपराध दर्ज किया गया है। जिसकी जांच के लिए पीएसआई निशिगंधा सावंत के मार्गदर्शन में विशेष टीम बनाई गई है।
आमगांव (दिघोरी) में पिछले कुछ वर्षों से आश्रय बालगृह संचालित किया जा रहा है। 2 फरवरी की रात करीब 2.45 बजे बालगृह की रह रही तीन नाबालिग लड़कियां किसी को बताए बिना अचानक लापता हो गईं। लापता लड़कियों में झबाड़ा की एक एवं गोंडसावरी की 2 नाबालिग लड़कियों का समावेश है। लड़कियों के लापता होने की जानकारी मिली, तब बालगृह के कर्मचारियों द्वारा उनकी तलाश की गई किंतु उनका कहीं पता नहीं चल सका। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा तीनों को बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। कारधा पुलिस ने लापता लड़कियों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को रवाना किया है। इस प्रकरण में पंकज सुरवे की शिकायत पर कारधा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में तीनों भागती नजर आयीं : "सीसीटीवी में दीवार फांदकर नाबालिग लड़किया भागती नजर आ रही हैं। उनके पास मोबाइल नहीं है जिससे उनका सटीक लोकेशन निकालना संभव नहीं हुआ। पीएसआई निशिगंधा सावंत को जिम्मेदारी देकर विशेष टीम के माध्यम से जांच शुरू की है।' - गोकुल सूर्यवंशी - पुलिस निरीक्षक, कारधा पुलिस स्टेशन
Created On :   6 Feb 2026 3:40 PM IST















