- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- भंडारा
- /
- घर में घुसे भालू को वन विभाग ने...
Bhandara News: घर में घुसे भालू को वन विभाग ने किया पिंजरे में कैद
Bhandara News लाखांदुर तहसील के पिंपलगांव/को. गांव में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक भालू गांव में घुस आया। यह घटना 4 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है। गांव के बौद्ध विहार के पास स्थित श्रीमती इंदुबाई नानाजी बारसागडे के खेत एवं घर परिसर में भालू के घुसने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। भालू की मौजूदगी की जानकारी मिलते ही इंदुबाई बारसागडे ने आसपास के नागरिकों को सूचित किया। इसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग का रैपिड रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा और नागरिकों की भीड़ को हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। भालू को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए थे, जिसे देखते हुए वन विभाग ने पूरी सतर्कता बरतते हुए भालू को सुरक्षित तरीके से पिंजरे में कैद किया। रेस्क्यू के बाद जांच प्रक्रिया पूर्ण कर रात करीब 12.30 बजे भालू को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
गौरतलब है कि पिंपलगांव/को. गांव में हाल के दिनों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे ग्रामीणों में चिंता का माहौल बना हुआ है। यह पूरी कार्रवाई उपवनसंरक्षक योगेंद्र सिंह एवं सहायक वनसंरक्षक संजय मेंढे के मार्गदर्शन में की गई। रेस्क्यू ऑपरेशन का नेतृत्व लाखांदुर के वनपरिक्षेत्र अधिकारी पी. बी. चन्ने ने किया। इस दौरान वनरक्षक पवले, जारवाल, जीव विशेषज्ञ शुभम मोदनकर, शशांक तुरस्कर, अविनाश नागपुरे, अमोल नागरिकर, निशि वानखेडे, नरेंद्र उरकुडकर, शरद ताइतकर, वाहन चालक उमेश वाढीवे, नामदेव मेश्राम, जागेश्वर कांबले, मुकेश जांभुलकर सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
ट्रैप कैमरे में नजर आया बाघ, गांव में दहशत _जवाहरनगर (भंडारा) भंडारा तहसील के आयुध निर्माणी परिसर के पेवठा गांव में बुधवार, 4 फरवरी की रात एक बाघ ने गाय का शिकार कर दिया। घटना में परसराम भाकरू मेश्राम की गाय की मृत्यु हो गई। इससे उनके आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। क्षेत्र में सुरक्षा के लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए थे। रात के समय बाघ मृत गाय के पास पहुंचा और ट्रैप कैमरे में कैद हो गया। इस घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है।
पेवठा निवासी परसराम भाकरू मेश्राम की दो गायें और एक बछड़ा गांव के पास खेत में बने तबेले में बंधी हुई थीं। बाघ ने गाय पर हमला किया और उसे 60-70 फीट दूर घसीट कर ले गया। वन क्षेत्र अधिकारी भंडारा, वी. के. बेलखोड़े के मार्गदर्शन में वन क्षेत्र सहायक ए. डी. वासनिक, बीट गार्ड शहापुर शिरीन शेख, जीव विशेषज्ञ शुभम मोदनकर और रैपिड रेस्क्यू टीम के सदस्य शरद तैतकर, अविनाश नागपुरे, शशांक तुरसकर, अमोल नागरीकर और नरेंद्र उरकुडकर घटनास्थल पर मौजूद थे। साथ ही सातोना के पशु चिकित्सा अधिकारी नाकाड़े ने मृत गाय का विच्छेदन किया। ट्रैप कैमरे में बाघ नजर आने के कारण ग्रामीणों में दहशत है। वन परिक्षेत्राधिकारी बेलखोडे ने नागरिकों को सतर्क रहने का आह्वान किया है।
Created On :   6 Feb 2026 3:49 PM IST

















