- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- अवैध होर्डिंग्स लगाया तो खैर नहीं ,...
Nagpur News: अवैध होर्डिंग्स लगाया तो खैर नहीं , 11 वकीलों की न्यायालय मित्र के रूप में नियुक्ति

Nagpur News बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ ने नागपुर शहर में अवैध होर्डिंग्स को लेकर दायर याचिका के दायरे को अब पूरे विदर्भ स्तर तक विस्तारित कर दिया है। अदालत ने विदर्भ के सभी 11 जिलों को इस याचिका में शामिल करते हुए प्रत्येक जिले के लिए एक-एक वकील को न्यायालय मित्र के रूप में नियुक्त किया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि अवैध होर्डिंग्स की समस्या केवल नागपुर शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे विदर्भ क्षेत्र में फैली हुई है। विशेष रूप से जिला और तहसील स्तर पर यह समस्या अधिक गंभीर रूप में सामने आ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए न्यायालय ने याचिका के दायरे का विस्तार करने का निर्णय लिया है, ताकि पूरे विदर्भ में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
"शुभचिंतकों' को नोटिस : नागपुर शहर में अवैध होर्डिंग्स को लेकर परिवर्तन एनजीओ के सचिव दिनेश नायडू द्वारा दायर की गई अवमानना याचिका पर गुरुवार को हुई सुनवाई में न्यायमूर्ति अनिल किलोर और न्यायमूर्ति राज वाकोडे की पीठ ने यह निर्णय लिया है। शीत सत्र-2025 के दौरान शहर में लगाए गए अवैध होर्डिंग्स के मामले में हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए अवैध होर्डिंग्स लगाने वाले "शुभचिंतकों' को बड़ा झटका दिया था। साथ ही, अदालत ने मनपा को अवैध होर्डिंग्स लगाने वाले "शुभचिंतकों' के नामों की सूची प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। पिछली सुनवाई में इस आदेश का अनुपालन करते हुए मनपा ने अवैध होर्डिंग्स लगाने वाले 135 "शुभचिंतक' व्यक्ति तथा संगठनों की सूची कोर्ट में पेश की थी। इसके तुरंत बाद, मनपा ने इन सभी "शुभचिंतकों' को कारण बताओ नोटिस भी जारी कर दिया, जिसके बाद याचिका पर गुरुवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने उक्त आदेश जारी किए।
इन्हें बनाया न्यायालय मित्र : अदालत ने विदर्भ के 11 जिलों के लिए 11 वकीलों को न्यायालय मित्र के रूप में नियुक्त किया है। इनमें नागपुर के लिए एड. तुषार मंडलेकर, गोंदिया के लिए एड. वेदांत पांडे, वर्धा के लिए एड. शंतनू भोयर, यवतमाल के लिए एड. महेश धात्रक, अकोला के लिए एड. जुगविजय गांधी, अमरावती के लिए एड. कुलदीप महल्ले, चंद्रपुर के लिए एड. मोहित खजांची, भंडारा के लिए एड. कौस्तुभ देवगडे, गड़चिरोली के लिए एड. विजय मोरांडे, वाशिम के लिए एड. राहुल घुघे तथा बुलढाणा के लिए एड. ऋग्वेद ढोरे के नाम शामिल हैं।
Created On :   6 Feb 2026 1:21 PM IST














