Nagpur News: फार्मेसी में निवेश के बहाने डॉक्टर ने की 5 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी

फार्मेसी में निवेश के बहाने डॉक्टर ने की 5 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी
अस्पताल संचालक समीर चौबे पर मामला दर्ज

Nagpur News शंकर नगर चौक स्थित एशियन किडनी हॉस्पिटल एंड मेडिकल सेंटर के संचालक डॉ. समीर चौबे पर फार्मेसी में निवेश के नाम पर करीब 5.14 करोड़ की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप सामने आया है। क्राइम ब्रांच की आर्थिक विंग (ईओडब्ल्यू) ने डॉ. चौबे के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

मित्रों से भी निवेश कराया : पुलिस सूत्रों के अनुसार, समीर सव्वालाखे ने सीताबर्डी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा है कि वर्ष 2019 में उसकी मुलाकात शंकर नगर चौक स्थित एशियन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. समीर चौबे से हुई। डॉ. चौबे ने अस्पताल परिसर में फार्मेसी शुरू करने का प्रस्ताव दिया। प्रतिष्ठित हॉस्पिटल होने के कारण वह तैयार हो गया। डॉ. चौबे ने उसे 5 करोड़ रुपए निवेश करने को कहा। इतनी बड़ी राशि अकेले लगाना संभव नहीं होने के कारण सव्वालाखे ने अपने मित्र सचिन माकडे, वरुण चव्हाण और दीपक सिंह को निवेश के लिए राजी किया। सचिन और वरुण ने करीब 1.87-1.87 करोड़, दीपक सिंह ने 25 लाख और स्वयं सव्वालाखे ने 1 करोड़ का निवेश किया। जून 2019 में निवेशकों और डॉ. चौबे के बीच एक एमओयू हुआ। इसके तहत फार्मेसी खाली करने पर जमा राशि में से आधी रकम ही लौटाने का प्रावधान था।

शर्तों को तोड़ा : शिकायत के अनुसार, नकद और ऑनलाइन करीब 5 करोड़ 14 लाख 45 हजार रुपए डॉ. चौबे को दिए गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक डॉ. चौबे ने वादा किया था कि सात वर्षों तक हर महीने 60 से 90 लाख रुपए का व्यवसाय उपलब्ध कराएंगे और दवा बिक्री पर 18 प्रतिशत हिस्सा लेंगे। साथ ही अस्पताल परिसर में दूसरी फार्मेसी शुरू नहीं करने की शर्त भी थी। आरोप है कि कुछ ही समय बाद डॉ. चौबे ने दूसरी फार्मेसी शुरू कर दी, जिससे सव्वालाखे की फार्मेसी का कारोबार ठप हो गया। बार-बार अनुरोध के बावजूद न तो पैसा लौटाया और न ही फार्मेसी बंद की। इसके बाद सव्वालाखे ने क्राइम ब्रांच की आर्थिक विंग में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान डॉ. चौबे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


Created On :   6 Feb 2026 11:34 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story