Nagpur News: अब साल में दो बार होगी पीएचडी प्रवेश परीक्षा, इस वर्ष 9 से 12 मई के बीच आयोजन

अब साल में दो बार होगी पीएचडी प्रवेश परीक्षा, इस वर्ष 9 से 12 मई के बीच आयोजन
"पेट' की तीन वर्ष तक रहेगी वैधता

Nagpur News राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज नागपुर विद्यापीठ में अब पीएचडी में पंजीकरण के लिए होने वाली पीएचडी प्रवेश परीक्षा (पेट) अब साल में दो बार आयोजित की जाएगी। साथ ही "पेट' परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उसकी वैधता अवधि तीन वर्ष तक मान्य रहेगी। कुलगुरु डॉ. मनाली क्षीरसागर ने यह महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि, इस निर्णय से छात्रों को बड़ा लाभ मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें पीएचडी प्रवेश के लिए अधिक अवसर मिलेंगे। विद्यापीठ के इस फैसले को विद्यार्थियों के लिए सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

10 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

नागपुर विद्यापीठ में पीएचडी प्रवेश परीक्षा (पेट) का एक वर्ष बाद मुहूर्त निकला है। विद्यापीठ परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड के प्रभारी संचालक मोतीराम तडस ने 2 अप्रैल को एक परिपत्रक जारी करते हुए पेट परीक्षा 9 से 12 मई 2026 के बीच कराने की घोषणा की है। "पेट' परीक्षा के लिए 10 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। बता दें कि, नागपुर विद्यापीठ ने वर्ष 2025 में पेट परीक्षा 15 से 28 फरवरी के बीच कराने की घोषणा की थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण पंजीकरण रोक दिया गया था। इसके बाद परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड ने सुधारित टाइम टेबल जारी कर 5, 6 और 7 मार्च को "पेट' की परीक्षा आयोजित की थी। अब सीधे एक वर्ष बाद "पेट' परीक्षा होने जा रही है।

टाइम टेबल

1. ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया- 10 अप्रैल

2. आवेदन करने की अंतिम तिथि- 23 अप्रैल

3. हार्ड कॉपी जमा करने की अंतिम तिथि- 27 अप्रैल

4.आवेदन एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच- 30 अप्रैल तक

5. एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि- 3 मई

6.ऑनलाइन परीक्षा- 9 मई से 12 मई तक

ऑनलाइन आवेदन पत्र और संबंधित दस्तावेजों की जानकारी विद्यापीठ की आधिकारिक वेबसाइट www.nagpuruniversity.ac.in के पीएचडी पोर्टल पर 10 अप्रैल 2026 से उपलब्ध होगी।

परीक्षार्थियों को ध्यान देना होगा कि, एडमिट कार्ड ई-मेल पर नहीं भेजे जाएंगे। छात्र इसे अपने "कैंडिडेट लॉगिन' से ही डाउनलोड कर सकेंगे ।

आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को विद्यापीठ की वेबसाइट पर उपलब्ध "डायरेशन नंबर 7 ऑफ 2026' को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।

Created On :   3 April 2026 1:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story